नवकार दिवस: कोटा में पांच हजार श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक णमोकार महामंत्र का जाप

0
17

कोटा। विश्व नवकार दिवस (Vishva Navkar Day) के अवसर पर देश-विदेश में आध्यात्मिक एकता और विश्व शांति का संदेश देते हुए व्यापक स्तर पर णमोकार महामंत्र का जाप किया गया। इस वैश्विक आयोजन के तहत विश्व के भारत सहित 108 से अधिक देशों में 6000 से अधिक मंदिरों, स्थानकों, उपासरों, स्वाध्याय भवनों एवं विभिन्न स्थलों पर प्रातः 8:01 बजे से 9:36 बजे तक श्रद्धालुओं ने एक साथ मंत्रोच्चार किया।

मुख्य कार्यक्रम विज्ञान भवन में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने णमोकार महामंत्र के आध्यात्मिक, वैज्ञानिक और वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे विश्व शांति का आधार बताया।

कोटा में भी इस अवसर पर 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। जीतो कोटा चैप्टर के चेयरमैन पंकज सेठी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य संपूर्ण विश्व के कल्याण और शांति की कामना करना है।

चीफ सेक्रेटरी नरेंद्र जैन ने जानकारी दी कि शहर के तलवंडी, केशवपुरा, वल्लभाडी, कुन्हाडी, स्टेशन सहित 30 से अधिक जैन मंदिरों व स्थानक स्वाध्याय केन्द्र, एलन सत्यार्थ, गीता भवन तथा एक्जोटिका रिसॉर्ट्स में श्रद्धालुओं ने एकत्र होकर णमोकार महामंत्र का जाप किया और इसके महत्व को समझा।

अकलंक स्कूल में मेघना ने विद्यार्थियों को सरल शब्दों में णमोकार महामंत्र का अर्थ समझाया, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से जाप किया। जीतो लेडीज विंग की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ एवं चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन ने बताया कि इस अवसर पर कोटा में पूर्व चेयरमैन डॉ. जे.के. सिंघवी, वाइस चेयरमैन पवन जैन सहित अनेक सदस्यों ने विभिन्न स्थलों पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाया।