कोटा। ठाकुर जी की नगर परिक्रमा एवं संकीर्तन के विशाल जुलूस में सोमवार को आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला। जहाँ एक ओर संकीर्तन की धुनों पर श्रद्धालु झूम रहे थे। वहीं दूसरी ओर स्काउट गाइड और शिक्षा सहकारी के सदस्यों ने ‘वन एवं वन्य जीव संरक्षण’ का अलख जगाकर इस आयोजन को एक नई सार्थकता प्रदान की।
जुलूस के दौरान स्काउट गाइड, कब और बुलबुल के नन्हे सदस्यों ने अनुशासित ढंग से चलते हुए हाथों में विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां और बैनर थाम रखे थे। इन पोस्टरों के माध्यम से वन्य जीवों की रक्षा और जंगलों को बचाने की अपील की गई। जिसे मार्ग में खड़े आम जनमानस ने काफी सराहा।
शिक्षा जगत से जुड़े इन प्रहरियों ने यह संदेश दिया कि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तभी मानव जीवन का अस्तित्व बचेगा। नगर परिक्रमा के दौरान संकीर्तन की भक्तिमय लहर और वन्य जीव संरक्षण के नारों ने पूरे क्षेत्र को नई ऊर्जा से भर दिया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण की रक्षा और समाज के हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष महेंद्र नागर और मंत्री जमुनालाल गुर्जर ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) सुल्तानपुर ने अपनी उपस्थिति से स्काउट्स का मनोबल बढ़ाया। शिक्षा सहकारी डायरेक्टर गायत्री मीणा और दिनेश कुमार मीणा ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
जुलूस में प्रमुख रूप से तेजमल नागर, नरेश मीणा, श्रीमती उमा मीणा, भवानी शंकर व्यास, कार्तिक जायसवाल, अंतिमा मेहरा, नीलम पारेता, जिया मेघवाल, तनु वैष्णव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

