पांच कन्याओं का करेंगे कन्यादान, सामूहिक विवाह के पोस्टर का हुआ विमोचन
कोटा। श्री श्याम कन्या विवाह समिति का दो दिवसीय श्री श्याम महोत्सव 13, 14 दिसम्बर को रामपुरा बाजार में आयोजित किया जाएगा। जिसके पोस्टर का शनिवार को विमोचन किया गया। महोत्सव के तहत् 14 दिसम्बर को 5 कन्याओं का कन्यादान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक पं. अभिषेक शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि13 दिसंबर को प्रातः 11 बजे श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। जो टीलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर फर्नीचर मार्केट, मल्टीपरपज स्कूल, सूरजपोल गेट, कैथूनीपोल थाना, गंदीजी की पुल, पुरानी सब्जीमंडी, अग्रसेन बाजार होते हुए रामपुरा रामपुरा मुख्य बाजार पर संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि इसी दिन रात्रि 8 बजे रामपुरा बाजार में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें त्रिशा सुथार समेत ख्यातनाम कलाकारों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
प्रिंस शर्मा ने बताया कि निशान यात्रा में डीजे और बग्घियां शामिल होंगी। साथ ही, खाटू श्याम बाबा की भव्य झांकी बनाई जाएगी। जिनकी दिल्ली के कलाकारों द्वारा फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। निशान यात्रा के मार्ग में तोरण द्वार लगाए जाएंगे। जहां पुष्प वर्षा होगी। विभिन्न स्थानों पर अल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी।
अन्नू अग्रवाल ने बताया कि 14 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से सर्वजातीय निशुल्क कन्या विवाह आयोजित होगा। जिसमें संतों के सान्निध्य में जरूरतमंद कन्याओं के हाथ पीले किए जाएंगे।
इस दौरान 10:30 बजे वर वधु की निकासी निकाली जाएगी। जो रामपुरा मुख्य बाजार से प्रारंभ होकर आर्य समाज रोड, धान मंडी होते हुए वापस विवाह स्थल पर पहुंचेगी। जहां 11 बजे तोरण की परंपरा निभाई जाएगी। इसके बाद 12 बजे फेरे होंगे। समारोह में सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम मुख्य अतिथि होंगी। जोड़े हाड़ौती भर से आएंगे।
अजय शर्मा ने बताया कि वर वधु को कन्यादान में विभिन्न गिफ्ट दिए जाएंगे। जिसमें सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चूड़ियां, सोने की नथ, पायजेब, बिछिया, अंगूठी, पलंग, कुर्सी, टेबल, बिस्तर, फ्रिज, अलमारी, कूलर, बर्तन, सुहाग का सामान, सुहाग के वस्त्र समेत विभिन्न 151 सामग्री प्रदान की जाएगी। पोस्टर विमोचन में आशीष शर्मा, लोकेश शाक्यवाल, धर्मेंद्र सिंह, दिवाकर, निहाल और दीप अग्रवाल मौजूद रहे।

