नई दिल्ली/कोटा। देश में सबसे महंगा पेट्रोल राजस्थान के उपभोक्ताओं को खरीदना पड़ा रहा है। बुधवार को पेट्रोल के दाम बढ़कर 118 रुपये लीटर के पार पहुंच गए। घरेलू बाजार (Domestic Market) में दो दिनों की स्थिरता के बाद आज फिर पेट्रोल डीजल बाजार (Petrol Diesel Market) में आग लग गई। आज सरकारी तेल कंपनियों (Government Oil Companies) ने फिर पेट्रोल और डीजल में 35-35 पैसे की बढ़ोतरी की है। इसके बाद राजस्थान में पेट्रोल 118 और डीजल 109 रुपये लीटर के पार पहुँच गया।
पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार श्रीगंगानगर में 37 पैसे महंगा होकर 118.23 रुपये और डीजल 38 पैसे महंगा होकर 109.04 रुपये प्रति लीटर हो गया। कोटा में पेट्रोल के दाम 37 पैसे बढ़ कर 112.81 रुपये और डीजल 38 पैसे महंगा होकर 104.05 रुपये प्रति लीटर पर जा पहुंचा।
दिल्ली के बाजार (Delhi Market) में बुधवार को इंडियन ऑयल (IOC) के पंप पर पेट्रोल प्रति लीटर 35 पैसे महंगा हो कर 106.19 रुपये पर पहुंच गया। डीजल भी हर लीटर पर 35 पैसे महंगा हो कर 94.92 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया।
राजस्थान में वैट की दरें ज्यादा
राजस्थान में वैट की दर अधिक होने से पेट्रोल और डीजल के दाम ऐतिहासिक उच्चस्तर पर पहुंच गए हैं। राजस्थान में पेट्रोल पर 36 और डीजल पर 26 प्रतिशत वैट है। जो देश में सबसे अधिक है। भाजपा के शासन में पेट्रोल पर 26 और डीजल पर 18 प्रतिशत वैट था। गहलोत सरकार आने के बाद 10 से 12 फीसदी वैट बढ़ाया गया। इससे पेट्रोल पर 38 प्रतिशत और डीजल पर 28 प्रतिशत वैट हो गया। इसके बाद जनता का दबाव बढ़ा तो जनवरी 2021 में मात्र दो प्रतिशत वैट कम किया।
17 दिनों में 5.00 रुपये महंगा हो चुका है पेट्रोल
इस समय कच्चे तेल की कीमतें (Crude Oil Prices) 85 डॉलर के पार है। इसलिए सभी पेट्रोलियम पदार्थ (Petroleum Products) महंगे हो रहे हैं। पेट्रोल की कीमतों में देखें तो बीते 17 दिनों में ही यह 5.00 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
20 दिनों में 6.30 रुपये महंगा हुआ डीजल
बीते 24 सितंबर से जो डीजल में आग लगनी शुरू हुई वह आज भी नहीं रूकी। हालांकि, बीच में कुछ दिनों इसमें विराम भी रहा। इस दौरान पेट्रोल के मुकाबले डीजल ज्यादा महंगा हुआ है। बीते 20 दिनों में ही यह 6.30 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम
| शहर का नाम | पेट्रोल रुपये/लीटर | डीजल रुपये/लीटर |
| दिल्ली | 106.19 | 94.92 |
| मुंबई | 112.11 | 102.89 |
| चेन्नई | 103.31 | 99.26 |
| कोलकाता | 106.77 | 98.03 |
| भोपाल | 114.81 | 104.15 |
| श्रीगंगानगर | 118.23 | 109.04 |
| कोटा | 112.81 | 104.05 |

