देशभर में मक्का की बुवाई में जबरदस्त बढ़ोतरी, कर्नाटक और महाराष्ट्र सबसे आगे

0
18

नई दिल्ली। देश में मक्का की बुवाई ने इस वर्ष उल्लेखनीय प्रगति की है। कृषि मंत्रालय और विभिन्न राज्यों के कृषि विभागों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 18 जुलाई तक देश में कुल 71.21 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का की बुवाई हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक यह आंकड़ा 61.73 लाख हेक्टेयर था। यानी इस वर्ष 9.48 लाख हेक्टेयर अधिक क्षेत्र में बुवाई दर्ज की गई है।

राज्यवार स्थिति

  • कर्नाटक (11 जुलाई 2025): सर्वाधिक बुवाई 14.93 लाख हेक्टेयर रही, जो पिछले वर्ष से 1.93 लाख हेक्टेयर अधिक है।
  • महाराष्ट्र (16 जुलाई 2025): यहाँ मक्का बुवाई 12.35 लाख हेक्टेयर रही, जो 2024 के 9.75 लाख हेक्टेयर की तुलना में 2.60 लाख हेक्टेयर अधिक है।
  • तेलंगाना (16 जुलाई 2025): कुल 4.49 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई, जो पिछले वर्ष से 1.60 लाख हेक्टेयर अधिक है।
  • राजस्थान (21 जुलाई 2025): यहाँ बुवाई 9.34 लाख हेक्टेयर रही, जो 0.33 लाख हेक्टेयर की बढ़त दर्शाती है।
  • गुजरात (21 जुलाई 2025): बुवाई घटकर 2.19 लाख हेक्टेयर रही, जो 2024 के 2.74 लाख हेक्टेयर से 0.55 लाख हेक्टेयर कम है।
  • आंध्र प्रदेश (16 जुलाई 2025): यहाँ मक्का का रकबा 0.48 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले वर्ष से 0.02 लाख हेक्टेयर कम है।

इन छह प्रमुख राज्यों में कुल बुवाई 43.78 लाख हेक्टेयर रही, जो 2024 की तुलना में 5.89 लाख हेक्टेयर अधिक है। मक्का की बढ़ती बुवाई के पीछे मुख्य कारण हैं- इस वर्ष मानसून की बेहतर स्थिति, सरकार की समर्थन योजनाएँ, और इथेनॉल उत्पादन व पशु आहार उद्योग में मक्के की मांग में बढ़ोतरी।