कोटा। द एसएसआई एसोसिएशन कोटा के वर्ष 2026-27 के लिए चुनाव बुधवार को सम्पन्न हुए। जिसमें अध्यक्ष दीपक मेहता समेत सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ। वर्तमान अध्यक्ष मनोज राठी के निर्देशन में आयोजित इस चुनावी प्रक्रिया में सचिव आशुतोष जैन एवं कोषाध्यक्ष दितिन गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।
चुनाव का सफल संचालन मुख्य चुनाव अधिकारी मुकेश गुप्ता तथा चुनाव अधिकारी राजकुमार जैन एवं जम्बू कुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष गोविन्द राम मित्तल सहित संस्था के कई पूर्व अध्यक्षों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर नई कार्यकारिणी का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी मुकेश गुप्ता ने बताया कि चुनाव में दीपक मेहता को एसोसिएशन का 41वां अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ समीर सूद को सचिव और राहुल जैन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगामी भविष्य को देखते हुए अंकुर गुप्ता को वर्ष 2027-28 के लिए ‘प्रेसिडेंट इलेक्ट’ घोषित किया गया है। संगठन को मजबूती देने के लिए 60 सदस्यीय सशक्त बोर्ड टीम का भी गठन किया गया है। जिसमें 12 उपाध्यक्ष, 4 संयुक्त सचिव, 3 संयुक्त कोषाध्यक्ष और 6 निदेशक शामिल हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक मेहता ने अपना विजन साझा करते हुए कहा कि 750 से अधिक सदस्यों वाला एसएसआई परिवार अब बिजनेस नेटवर्किंग और बिजनेस ग्रोथ पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगा।
उन्होंने उद्योगों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और देश-विदेश के प्रमुख ट्रेड फेयर में सहभागिता को अपनी प्राथमिकता बताया। वहीं, सचिव समीर सूद ने कोटा स्टोन उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने औद्योगिक सुरक्षा एवं अनुपालन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के साथ बेहतर तालमेल बिठाने के लिए एक विस्तृत एलिएस कमेटी का गठन भी किया गया। यह समिति रीको, केईडीएल, जेवीवीएनएल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एमएसएमई जीएसटी, आयकर विभाग और कोटा कलेक्टर कार्यालय जैसे प्रमुख विभागों के साथ मिलकर काम करेगी।

