दशहरा मेले में आज आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी बताएंगी प्रेरक जीवन के सूत्र

0
9

कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेला 2025 में मंगलवार को विजयश्री रंगमंच पर शाम 8:30 बजे मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि कार्यक्रम में आध्यात्मिक वक्ता, प्रेरक जीवन प्रशिक्षक, समाज सुधारक और मोटिवेशनल गुरु जया किशोरी जीवन के सूत्र बताएंगी।

उल्लेखनीय है कि जया किशोरी 12 वर्ष की आयु से व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत कथा, नानी बाई रो मायरो और नरसी भगत का भात सरीखी कथाएं करती आई हैं। उनके पास भजन कीर्तन के साथ ही प्रेरक जीवन उपयोगी भाषणों का भी विशाल संग्रह है।

उन्हें आदर्श युवा आध्यात्मिक गुरू पुरस्कार, समाज रत्न पुरस्कार, महिला युग पुरस्कार, महिला प्रेरक वक्ता, सर्वश्रेष्ठ आध्यात्मिक इनफ्लुएंसर समेत विभिन्न अवार्ड मिल चुके हैं।

राजवंशी ने बताया कि कार्यक्रम से पूर्व विजयश्री रंगमंच पर शाम 7 बजे दाढ़ी एवं मूंछ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। जिसके पंजीयन प्रतियोगिता स्थल पर भी हो सकेंगे।

इस्कॉन का कार्यक्रम आज
मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि विजयश्री रंगमंच पर शाम 7:45 पर इस्कॉन की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें इस्कॉन मंडली द्वारा हरिनाम संकीर्तन होगा। वहीं इस्कॉन के संत और मोटिवेशनल गुरु श्रीपाद दास महाराज के द्वारा श्री मदभगवतगीता के सूत्रों के माध्यम से जीवन प्रबंधन के गुर बताए जाएंगे।

बाल प्रतिभा कार्यक्रम होगा 18 को
राष्ट्रीय दशहरा मेला 2025 में 18 अक्टूबर को शाम 7 बजे से विजयश्री रंगमंच पर बाल प्रतिभा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें नन्हें मुन्ने बच्चों के द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दीं जाएंगी। उल्लेखनीय है कि 5 अक्टूबर को बाल प्रतिभा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें वर्षा आ जाने से व्यवधान के चलते 47 बच्चों की ही प्रस्तुतियां हो सकीं थीं। अब शेष सभी बच्चों की प्रस्तुतियां 18 अक्टूबर को विजयश्री रंगमंच पर होगी। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि मेला की अवधि बढ़ाने के निर्णय के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने का भी निर्णय लिया गया है।