देशभर की 12 टीमें कोटा में दिखाएंगी दमखम
कोटा। ग्रासरूट हॉकी के विकास को समर्पित 29वां संग्राम सिंह मेमोरियल हॉकी कप-2025 का आयोजन 22 से 24 दिसंबर तक बधित बाल विकास केंद्र, झालावाड़ रोड, कोटा में किया जाएगा।
आयोजन त्रिपाठी आद्विक फाउंडेशन, एवं मेजर ध्यानचंद अकादमी, कोटा के सहयोग से होगा। फाउण्डेशन के ट्रस्टी रिषभ त्रिपाठी एवं श्रृद्धा त्रिपाठी ने बताया कि अंडर–14 आयु वर्ग के बालकों के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित सात–ए–साइड हॉकी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 12 टीमें भाग लेंगी, जिनमें लगभग 120 युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट के चेयरमैन वी.के. जेटली, अध्यक्ष बलवीर सिंह सिसोदिया, संरक्षक राकेश जैन तथा सचिव बी.एस. खींची हैं। कार्यक्रम का शुभारंभविधायक संदीप शर्मा, एसडीएम अनिल सिंघल, डॉ. विजय सरदाना करेंगे। वहीं फाइनल में खिलाडियों का हौसला बढ़ाने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं अशोक कुमार ध्यानचंद स्टेडियम पहुंचेगे।
टूर्नामेंट के चेयरमैन वी.के. जेटली ने बताया कि प्रतियोगिता में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की नामी हॉकी अकादमियां शामिल होंगी। टूर्नामेंट को चार समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप–ए में पांडिला हॉकी अकादमी, भीलवाड़ा हॉकी अकादमी एवं सरस्वती हॉकी (यमुनानगर हरियाणा) शामिल हैं।
ग्रुप–बी में एलवीएम हॉकी अकादमी झांसी, कोटा हॉकी अकादमी तथा हॉलीवुड स्पोर्ट्स अकादमी गुरदासपुर खेलेंगी। ग्रुप–सी में गुना हॉकी अकादमी, प्रकाश हॉकी क्लब इंदौर एवं खेड़ा हॉकी अकादमी सोनीपत शामिल हैं, जबकि ग्रुप–डी में राजसमंद हॉकी अकादमी, सोलन हॉकी अकादमी तथा सनसिटी हॉकी अकादमी वाराणसी भाग लेंगी।
टूर्नामेंट के चेयरमैन वीके जेटली ने बताया कि यह आयोजन विगत 29 वर्षो से प्रारंभ है जो आयोजन समिति के अनुसार यह प्रतियोगिता पूर्व हॉकी खिलाड़ी संग्राम सिंह की स्मृति में आयोजित की जा रही है।

