लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया इटावा में वीर तेजाजी डोल मेले का शुभारंभ
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को इटावा में श्री वीर तेजाजी महाराज डोल मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने तेजाजी महाराज के चरणों में नमन करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और समाज की एकता की कामना की।
बिरला ने कहा कि वीर तेजाजी महाराज का जीवन वीरता, साहस, संघर्ष और सत्य पर अडिग रहने का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने गौ माता की रक्षा का संकल्प लिया और वचन निभाने के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। यही कारण है कि आज भी राजस्थान के गाँव-गाँव में तेजाजी महाराज के प्रति गहरी आस्था और विश्वास है।
बिरला ने कहा कि यह समय देशभर में उत्सवों और पर्वों का है। गणेश चतुर्थी, तेजाजी महाराज जयंती, बाबा रामदेव जी का मेला और जैन धर्म का पर्युषण पर्व– सभी समाज में सद्भावना और एकता का संदेश देते हैं। भगवान श्रीराम के जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके आदर्श हमें त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक ऊर्जा का आधार हैं।
कृषि उद्योग और नवाचार का केंद्र बनेगा इटावा
समारोह में बिरला ने इटावा के युवा रोहन मित्तल द्वारा बनाए गए ड्रोन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रतिभा और नवाचार की भूमि है। आने वाले समय में इटावा ड्रोन तकनीक और कृषि उद्योग का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में युवाओं को प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर उद्योग स्थापित करना बेहद जरूरी है।
स्वदेशी और आत्मनिर्भरता
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि तेजाजी महाराज का संदेश है कि समाज वचनबद्धता, सेवा और गौ रक्षा के मार्ग पर चले। यही संस्कार एक मजबूत समाज और राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए स्वदेशी उत्पादों को अपनाना आवश्यक है। जब हम स्थानीय उद्योग और कारीगरों का समर्थन करेंगे, तब भारत और अधिक सशक्त बनेगा।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, प्रधान रिंकू मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष रजनी सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

