सहकारिता क्षेत्र में मिसाल, भूमि विकास बैंक ने दी 31.24 लाख रुपये की राहत
कोटा। सहकारिता क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए कोटा भूमि विकास बैंक ने 30 वर्ष पुराने प्रकरण का सफल निस्तारण कर दिया है। यह कार्य बैंक अध्यक्ष चैनसिंह राठौड के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संभव हो पाया।
सचिव ऋतु सपरा ने बताया कि प्रकरण में स्वर्गीय धुलीलाल बैरवा के खाते में उनके वारिसान द्वारा 5,66,214 रुपए जमा करवाए गए, जिसके फलस्वरूप कुल 25,57,997 रुपए की राहत प्रदान की गई। इस प्रकार कुल मिलाकर 31,24,211 रुपए की राहत देकर तीन दशक से लंबित इस मामले का समाधान किया गया।
यह कोटा भूमि विकास बैंक के इतिहास का सबसे बड़ा खाता निस्तारण माना जा रहा है। स्व.धुलीलाल के प्रपौत्र शिवराज बैरवा को संभागीय अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग एवं प्रबंधक निदेशक केन्द्रीय सहकारी बैंक कोटा बलविंदर सिंह गिल ने निस्तारण का प्रमाण पत्र भी सौपा। राठौड़ ने कहा कि बैंक का उद्देश्य किसानों एवं खातेदारों को अधिकतम राहत प्रदान करना है और भविष्य में भी ऐसे मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा।

