तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर गांव-ढाणी में गूंज रही सेना की शौर्य गाथाएं: मंत्री नागर

0
9

देवली से कनवास तक निकली तिरंगा यात्रा, ऊर्जा मंत्री नागर हुए शामिल

कोटा/ कनवास। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में मंगलवार को सैनिकों के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा निकाली गई। आसमान में गूंजते जोशीले नारों और चारों ओर लहराते भारत की आन बान शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के बीच तिरंगा यात्रा को देवली से ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर के द्वारा रवाना किया गया। जो पीसाहेड़ा, आवां, माधोपुर, आवां चौराहा होते हुए कनवास पहुंची।

इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और राष्ट्रवादी नागरिक अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों के साथ रैली में सम्मिलित हुए। ऊर्जा मंत्री श्री नागर भी खुली जीप में सवार होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। रास्ते में मंत्री नागर ने माधोपुर में मृतक संदीप शर्मा के घर पहुंच कर शोक प्रकट किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाऐं भी शामिल हुईं।

नवयुवक दिल में देशभक्ति का जज्बा और हाथों में तिरंगा लिए विभिन्न गांवों के मार्गों से गुजरे तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा थाम रखा था तो ‘वन्देमातरम्..’ और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारों से आसमान गूंज रहा था। जगह जगह तोरण द्वार और पुष्पवर्षा से स्वागत किया जा रहा था। बीच बीच में ढोल पर युवकों की टोलियां थिरक रही थीं तो डीजे पर देशभक्ति फिल्मी गीतों से माहौल में देशभक्ति की बयार बह रही थी।

मंत्री श्री हीरालाल नागर ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश की सेनाओं ने शौर्य और पराक्रम दिखाते हुए दुश्मन देश के आतंकी ठिकानों को नष्ट करने का काम किया है। आज सेना के पराक्रम और वीरता के सामने पूरा देश नतमस्तक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट होकर आतंक का मुकाबला कर रहा है।

हम बाह्य आतंक से मुकाबला करते हुए उनके आतंकवादियों को भी मार रहे हैं और उनके आतंकी ठिकाने को भी खत्म कर रहे हैं। दूसरी ओर, भारत के अंदर मौजूद आंतरिक सुरक्षा को भी मजबूत किया जा रहा है।

जो लोग डराकर धमकाकर आतंक पैदा कर करना चाहते हैं, ऐसे लोगों को देश अब बर्दाश्त नहीं करेगा। कनवास के लोगों ने यह देख लिया है कि जो दूसरों को आतंकित करना चाहेगा उसका नतीजा क्या होगा।यह अभी तो ट्रेलर है, पूरी पिक्चर बाकी है।

मंत्री श्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम सभी एक हैं और हमारे लिए सबसे पहले राष्ट्र है। जात-पात मत पंथ और राजनीतिक कार्यकर्ता बाद में हैं। कुछ लोग देश में सेना से सबूत मांगने का काम कर रहे हैं। पुलवामा और उरी के समय भी उन्होंने पाकिस्तानी नेताओं की भाषा बोली थी। हमारी सेना ने बता दिया है कि वह केवल दुश्मन को खत्म करने का काम करते हैं शव गिनने का काम नहीं करते।

मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि आज तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर गांव ढाणी में भारत माता की जय और सेना की शौर्य गाथाएं गूंज रही हैं। रैली में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान कृष्णा शर्मा, उपप्रधान ओम नागर अडूसा, क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष ओम मेहता, भारतीय जनता पार्टी देवली मंडल अध्यक्ष विजय सैनी तथा कनवास मण्डल अध्यक्ष सत्यवान नागर मौजूद रहे।