कोटा। भारत की वैश्विक पुस्तकालय नेतृत्व में बढ़ती उपस्थिति को मजबूती देते हुए संभागीय पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव को इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ लाइब्रेरी एसोसिएशंस एंड इंस्टीट्यूशंस ( IFLA) की प्रोफेशनल सेक्शन राजकीय पुस्तकालय एवं प्रिंट अक्षम व्यक्तियों की सेवा करने वाले पुस्तकालयों की स्थायी समिति के लिए 2025–2029 कार्यकाल के लिए निर्वाचित किया गया है।
यह पहला मौका हे जब राजस्थान के किसी सार्वजनिक पुस्तकालय अध्यक्ष को वैश्विक पटल पर जीत मिली | इससे ना केवल देश अपितु हमारे राजस्थान समेत भाषा एवं पुस्तकालय विभाग का गौरव बढ़ा है |
डॉ. श्रीवास्तव का यह चयन भारत की सार्वजनिक पुस्तकालय प्रणाली के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उनका कार्यकाल 5 मई, 2025 को इफ्ला की जनरल असेंबली के बाद औपचारिक रूप से आरंभ होगा। वह विश्वभर के पुस्तकालय विशेषज्ञों के साथ मिलकर राजकीय पुस्तकालयों एवं प्रिंट अक्षम व्यक्तियों के लिए समावेशी और सुलभ सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए नीतियां निर्माण करेंगे।
डॉ. श्रीवास्तव को भारत के अग्रणी नवाचारशील पुस्तकालयाध्यक्षों में गिना जाता है। उन्होंने विशेष रूप से हाशिए पर मौजूद समुदायों और दृष्टिबाधित उपयोगकर्ताओं के लिए सार्वजनिक पुस्तकालयों को समावेशी ज्ञान केंद्रों में बदलने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।

