कोटा। कोटा विश्वविद्यालय की रिसर्च स्कॉलर (research scholar) अनिता पूनिया को केपटाउन (Cape Town) में मेडिकल टूरिज्म (medical tourism) पर प्रस्तुत किए गए रिसर्च पेपर को बेस्ट अवार्ड (best award) मिला है। अनिता ने विश्वविद्यालय की प्रबंधन एवं वाणिज्य विभाग की अध्यक्ष डॉ. अनुकृति शर्मा के निर्देशन में रिसर्च पेपर तैयार किया था।
यहां ब्रिक्स अनुसंधान संस्थान, डीयूटी की ओर से केप प्रायद्वीप प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, केपटाउन, दक्षिण अफ़्रीका के आतिथ्य में तीन दिवसीय ब्रिक्स रिसर्च इंस्टिट्यूट की मीटिंग्स का शुक्रवार को समापन किया गया।
अनिता पूनिया ने चिकित्सा, पर्यटन और वैश्विक स्वास्थ्य देखभाल केंद्र के रूप में ब्रिक्स का उद्भव: एक दस्तावेज़ विश्लेषण दृष्टिकोण विषय पर रिसर्च पेपर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक एमटीआई (मेडिकल टूरिज्म इंडेक्स) रैंकिंग में भारत 10वें स्थान पर है। पर्यटन और हवाई परिवहन के माध्यम से ब्रिक्स देशों के लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान- प्रदान हो सकता है।
ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका (ब्रिक्स) अब दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक ब्लॉकों में से एक हैं। जो वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद के एक- चौथाई से अधिक और दुनिया की 42% आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। अब चिकित्सा और पर्यटन भी आर्थिक शक्ति को बढ़ावा दे रहे हैं।

