कलशयात्रा के साथ आएंगे आएंगे गणपति, निकलेगी 2100 महिलाओं की शोभायात्रा
कोटा। जीएडी गणेश मेला समिति की ओर से श्रीनाथपुरम स्टेडियम के पास स्थित जीएडी सर्किल पर लगने वाले 12 दिवसीय गणेश मेला सोमवार से शुरु हो गया।
समिति के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी मामा ने पत्रकारों को बताया कि मेले में 150 खरीदारी की दुकानें, 20 से अधिक झूले और 50 चाट पकौड़ी खाने पीने के स्टॉल्स लग चुके हैं। इसके अलावा फुटकर दुकानदार भी आए हैं। देवेंद्र चौधरी मामा ने बताया कि बूंदी तीज मेला समाप्त होने पर वहां के दुकानदार भी संपर्क कर रहे हैं।
समिति के संरक्षक नरेन्द्र बिरला ने बताया कि मंगलवार को प्रातः 9 बजे भगवान गणेश जी की प्रतिमा को बैंड बाजों के साथ धूमधाम से जीएडी सर्किल पर लाया जाएगा। इस दौरान 2100 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा में चलेंगी। जो तीन बत्ती सर्किल से शुरू होकर जीएडी पहुंचेंगी।
वहीं, 27 अगस्त को प्रातः 9 बजे 14 फीट की श्री गणेश प्रतिमा की भव्य आतिशबाजी, पूजा पाठ और मंत्र उच्चारण के साथ विधिवत स्थापना की जाएगी। इस दौरान मेले में 28 अगस्त से 6 सितंबर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जीएडी गणेश जी का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार किया जाएगा। जिसमें विविध छटा नजर आएगी। गणेश जी को छप्पन भोग लगाया जाएगा। मेले में बच्चों के झूले, चौपाटी, गुब्बारे की दुनिया, ट्रेन, नाव जैसे मनोरंजन की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि 28 और 29 अगस्त को डांस कंपीटिशन होगा। वहीं 30 अगस्त को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें ख्यातनाम कवि काव्य पाठ करेंगे। इसके बाद 31 अगस्त को जयपुर की डांसर दिशा के द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इसके बाद 1 सितंबर को हाडोती केसरी दंगल में महिला और पुरुष पहलवान दांव पेच आजमाएंगे। 2 सितंबर को राजस्थानी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं 3 सितंबर को लाफ्टर शो में पन्या सेपट राजस्थानी कार्यक्रमों के द्वारा गुदगुदायेंगे। 4 सितंबर को स्टार नाइट आयोजित होगी। जिसमें सोनी टीवी सुपर डांसर चेप्टर 4 की विनर फ्लोरिना गोगोई की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं 5 सितंबर को भजन संध्या तथा 6 सितंबर को गणपति शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।
विविध स्वरूप में होंगे दर्शन
देवेंद्र चौधरी मामा ने बताया कि गणेश जी की प्रतिमा का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार किया जाएगा। जिसमें मराठी ड्रेस, राजाधिराज, शिव स्वरूप, खाटू श्याम जी, राजस्थानी, गुजराती, द्वारकाधीश, सांवलिया सेठ, गणेश स्वरूप और कृष्ण स्वरूप के दर्शन हो सकेंगे।
कवि सम्मेलन में आएंगे संजय शुक्ला और बाबू बंजारा
देवेंद्र चौधरी मामा ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान 30 अगस्त को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें लखनऊ के संजय शुक्ला, बारां के बाबू बंजारा, भीलवाड़ा के दीपक पारीक, मेरठ की डॉ. शुभम त्यागी, चेचट के अर्जुन अल्हड़ और बूंदी के सुमित विजय समेत कोटा के कवि भूपेंद्र राठौर काव्य पाठ करेंगे।
सुरक्षा के किए जा रहे व्यापक बंदोबस्त
संरक्षक नरेंद्र बिरला ने बताया कि जीएडी सर्कल श्रीनाथपुरम, महावीर नगर और दादाबाड़ी तीन थानों का केंद्र बिंदु है। ऐसे में यहां पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। तीनों ही थाना पुलिस को जाप्ता भेजने के लिए निवेदन किया गया है। साथ ही, मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।

