जिनधर्म प्रभावना पदयात्रा कल कोटा से रवाना होकर जहाजपुर तक निकलेगी

0
15

कोटा। आचार्य प्रज्ञासागर मुनिराज के पावन सानिध्य में कोटा से जहाजपुर के लिए जिनधर्म प्रभावना पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कोटा से 14 दिसंबर से यह ऐतिहासिक पद यात्रा रवाना होगी।

महामंत्री नवीन जैन दौराया ने बताया कि 14 दिसंबर को श्री चन्द्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, सिद्धि-सिद्धि नगर, कोटा से दोपहर 2 बजे यात्रा का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर धर्मध्वज रथ, देव रथ, शास्त्र रथ, गुरुपाद रथ, इंद्र रथ एवं सुसज्जित वाद्य रथ की शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

गुरु आस्था परिवार,अध्यक्ष लोकेश जैन ने बताया कि प्रतिदिन सुबह और दोपहर दो चरणों में यात्रा संपन्न होगी। यात्रा के लिए 700 से अधिक श्रावको ने पंजीयन करवाया है। सकल दिगम्बर जैन समाज समिति का सहयोग है।

यह पदयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि जिनधर्म प्रभावना, निर्ग्रंथ परंपरा, सच्चे श्रावकों के नियम पालन और संस्कारों के आरोपण का एक पुण्य अवसर है।मुख्य संयोजक मिथुन मित्तल, सह संयोजक निलेश जैन खटकीडा, अजय जैन मेहरू बनाया है।

यह रहेगा मार्ग: गुरू आस्था परिवार के चैयरमेन यतिश जैन खेडावाला ने बताया कि 14 दिसंबर – दोपहर 2 बजे रिद्धि सिद्धि नगर से बढ़गांव तक, 15 दिसंबर सुबह 7 बजे बढ़गांव से तालेड़ा (आहार चर्या), दोपहर 2.30 बजे तालेड़ा से तानसेन रईस मिल्स बूंदी रोड, 16 दिसंबर सुबह 7 बजे तानसेन से देवपुरा मंदिर बूंदी (आहार चर्या), दोपहर 2.30 बजे देवपुरा बूंदी से नया बाघ हेरिटेज रिसॉर्ट,17 दिसंबर सुबह 7.30 बजे नया बाघ हेरिटेज रिसॉर्ट से बंधन रिसॉर्ट (आहार चर्या), दोपहर 2.30 बजे बंधन रिसॉर्ट से कृषि विश्वविद्यालय, चतरगंज,18 दिसंबर सुबह 7.30 बजे कृषि विश्वविद्यालय से जगदम्बा सीमेंट, नान तलाई चौराहा, दोपहर 2.30 बजे जगदम्बा सीमेंट से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, मेडिया गांव 19 दिसंबर सुबह 7.30 बजे मेडिया गांव से सरसिया (आहार चर्या), दोपहर 2.30 बजे सरसिया से अतिशय क्षेत्र जहाजपुर प्रवेश समापन समारोह होगा।

20 दिसंबर को सुबह 7 बजे से 1008 मुनिसुब्रत नाथ भगवान का अभिषेक शांतिधारा एवं यात्रा समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य संयोजक मिथुन मित्तल ने बताया कि पदयात्रा में भाग लेने वाले सभी यात्रियों के लिए कुछ आवश्यक नियम निर्धारित किए गए हैं। रात्रि भोजन निषेध रहेगा और 15 वर्ष से अधिक आयु के पदयात्री ही शामिल हो सकते हैं।