जयपुर एयरपोर्ट पर महिला के अंडर गारमेंट्स में मिला सोना

0
355

जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर एक बार फिर सोने की तस्करी का मामला पकड़ा गया है। सुबह 4 बजे शारजाह से जयपुर पहुंची एयर अरेबिया की फ्लाइट से आई एक महिला यात्री के पास तस्करी का सोना बरामद हुआ है। यह महिला अपने अंडर गारमेंट में सोने के पैकेट को छुपा कर लाई थी। लेकिन कस्टम अधिकारियों ने इसे पकड़ लिया।

महिला यात्री के पास से पकड़ा गया सोना पेस्ट फॉर्म में था। यानी कि सोने को पिघला कर उसको हलवा जैसा बना दिया था। बाद में उसे प्लास्टिक की थैली में पैक किया। फिर उस पर कार्बन लपेट दिया। उसके बाद कागज के लिफाफों में रख कर अंडर गारमेंट्स में छिपा दिया था। जयपुर एयरपोर्ट पर मेटल डिटेक्टर से गुजरने के दौरान कस्टम अधिकारियों को इस महिला यात्री पर शक हुआ था।

असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण अटल के मुताबिक सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ी गई महिला यात्री दिल्ली की रहने वाली है। इसका बेटा दुबई में एक होटल में काम करता है। अपने बेटे से मिलने के लिए 7 दिन पहले यह महिला दुबई गई थी। वापस लौटते समय तस्करी का सोना लेकर आ रही थी।

कस्टम अधिकारियों की पूछताछ में आरोपित महिला यात्री ने बताया कि सोने के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। किसी व्यक्ति ने उसे यह पार्सल जयपुर एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति को देने के लिए कहा था। इसीलिए वह इसे लेकर आई है। इसके बदले में उसका एयर टिकट बुक करवाया था और 15 हजार रुपए भी मिलने वाले थे। महिला यात्री की यह बात गले उतरने जैसी नहीं है क्योंकि अगर पार्सल लेकर आई थी तो उसे अंडर गारमेंट में छुपाने की क्या जरूरत थी।