जयकारों के साथ 18वीं पदयात्रा श्री सालासर धाम के लिए रवाना

0
9

कोटा। श्री सालासर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 18वीं पदयात्रा गुरूवार को कोटा से श्री सालासर धाम के लिए श्रद्धा एवं उत्साह के साथ रवाना हुई। पदयात्रा का शुभारंभ श्री टीलेश्वर महादेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ किया गया।

पदयात्रा संयोजक पुरुषोत्तम बिहानी ने बताया कि समस्त पदयात्रियों ने श्री सालासर बालाजी की विशेष पूजा-अर्चना कर हवन के माध्यम से बालाजी का आह्वान किया। समिति के अध्यक्ष एवं महापौर राजीव भारती सहित सभी पदाधिकारियों ने पदयात्रियों को माला एवं दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

समिति के संस्थापक अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने 71 पदयात्रियों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। महासचिव गोविंद सोनी ने बताया कि मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।

शॉपिंग सेंटर, चौपाटी एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर पूर्व पार्षद सुभाष सैनिक, रोटरी क्लब कोटा, गुमानपुरा व्यापार संघ, नगर निगम कोटा, जगत माता मंदिर समिति, मंशापूर्ण गणेश नवयुवक मित्र मंडल मोखापाड़ा, सत्यनारायण मंदिर परिवार केथनीपोल, नगर निगम कर्मचारीगण पाटनपोल एवं साईं बाबा सेवा समिति सहित अनेक संगठनों ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।

पदयात्रा में दो घोड़ों पर बालाजी का ध्वज लेकर संस्था के पदाधिकारी अग्रिम पंक्ति में चल रहे थे। मशक बैंड, डीजे एवं सुसज्जित घोड़ा बग्गी में विराजमान श्री सालासर बालाजी महाराज की झांकी यात्रा का विशेष आकर्षण रही। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण एवं जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।