मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में चौतरफा खरीदारी हो रही है। सेंसेक्स लगभग 130 पॉइंट की मजबूती के साथ 52,230 के पास चल रहा है। निफ्टी 50 पॉइंट की उछाल के साथ 15,700 पॉइंट से ऊपर है। निफ्टी के स्मॉल कैप इंडेक्स में 1% से ज्यादा का उछाल है। मिड कैप इंडेक्स में भी लगभग 1% की मजबूती है। बाजार को एनर्जी, ऑटो और रियल्टी शेयरों में खरीदारी हो रही है। निफ्टी फार्मा और फाइनेंशियल सेक्टर इंडेक्स में मामूली कमजोरी है।
निफ्टी को रिलायंस इंडस्ट्रीज, ICICI बैंक, L&T, ITC और टाटा मोटर्स में खरीदारी का सपोर्ट मिल रहा है। दबाव बनाने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, HDFC, बजाज फिनसर्व, इन्फोसिस और TCS हैं।
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत दी। सेंसेक्स 131 अंक और निफ्टी 55 पॉइंट ऊपर खुला। बीएसई पावर इंडेक्स की 14 में से 13 कंपनियों के शेयरों में बढ़त है। अडाणी पावर के शेयर में 17% से ज्यादा का उछाल है।
52 वीक हाई पर गए शेयर: मझगाव डॉक, एंजल ब्रोकिंग, रैडिको खैतान, रेडिंग्टन, KSB लिमिटेड के शेयर आज 52 वीक हाई पर गए हैं। इन कंपनियों के शेयरों में 6% से 13% तक उछाल है। (10.40)
शुक्रवार को गिरावट साथ बंद हुए थे बाजार: इससे पहले शुक्रवार को बाजार गिरावट साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 132.38 पॉइंट नीचे 52,100.05 पर बंद हुआ था। दूसरी तरफ, निफ्टी 20.10 अंक की गिरावट के साथ 15,670.25 पर बंद हुआ था।
अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद: शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 0.52% की बढ़त के साथ 179.35 अंक ऊपर 34,756.40 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 1.47% की बढ़त के साथ 199.98 अंक ऊपर 13,814.50 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 37.04 पॉइंट ऊपर 4,229.89 पर बंद हुआ था। इधर फ्रांस और जर्मनी के बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए।

