कोटा। चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर बुधवार शाम राजस्थान की लोक संस्कृति का रंगीन उत्सव देखने को मिला, जब सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सामूहिक घूमर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना और राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।
इस महोत्सव की मुख्य अतिथि लाडपुरा विधायक कल्पना देवी थी,अध्यक्षता कोटा जिला कलेक्टर पियूष सामरिया ने की। महोत्सव के विशिष्ट अतिथि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी थे।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन से संभाग एवं राज्य मे पर्यटन बढ़ेगा। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन का एक बड़ा आयोजन है। कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन किए जाएंगे।
इस अवसर पर लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि जनवरी माह में कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट जो एक बड़ा आयोजन कोटा संभाग में होने जा रहा है। जिसमें हमारी विरासत संस्कृति के ऐतिहासिक धरोहर हेरिटेज प्राकृतिक संपदा को राष्ट्रीय स्तर पर दिखाने का हमें मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रेवल मार्ट में भी हमारे संभाग की कला संस्कृति का प्रदर्शन किया जाए, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर पयर्टन के रूप हाड़ोती को पहचान मिल सके।
सातों संभाग में एक साथ हुआ आयोजन
राज्य सरकार की इस विशेष पहल के तहत घूमर नृत्य महोत्सव बुधवार को प्रदेश के सातों संभागों में एक साथ आयोजित किया गया। पर्यटन विभाग की मंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में सभी संभागों में कार्यक्रम का समन्वय किया गया, जिससे यह आयोजन व्यापक स्तर पर सफल रहा।
पर्यटन को नई दिशा देने की कोशिश
सरकार का मानना है कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से राजस्थान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ता मिलेगी। साथ ही, घूमर जैसे पारंपरिक लोक नृत्य को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। यह आयोजन प्रदेश की सदियों पुरानी लोक कलाओं और संस्कृति को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

