कोटा। 132वें राष्ट्रीय मेला दशहरा में इस बार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहलवान जोर आजमाइश करते नजर आएंगे। मेले के तहत इस बार चम्बल राजस्थान केसरी कुश्ती दंगल का आयोजन 13 से 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने चम्बल राजस्थान केसरी कुश्ती दंगल के पोस्टर का विमोचन किया।
राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने बताया कि कुश्ती-दंगल सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत का बहूमूल्य अंग है। दशहरा मेला एक ऐसा मंच है जिसके माध्यम से हम इस विरासत से भावी पीढ़ी को जोड़ सकते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए 13 अक्टूबर से तीन दिवसीय चंबल राजस्थान केसरी कुश्ती दंगल का आयोजन दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पर होगा। आयोजन के दौरान तीन दर्जन से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महिला और पुरुष पहलवान दांव लगाते नजर आएंगे।
इस आयोजन से राजस्थान में कुश्ती को एक नया बल मिलेगा, जिससे पहलवान लाभान्वित होंगे। हाडोती स्तरीय कुश्ती 13 अक्टूबर को खेली जाएंगी जबकि राजस्थान स्तरीय कुश्ती 14 अक्टूबर से प्रारंभ होगी।
राजस्थान केसरी और हाड़ी रानी खिताब के लिए होंगे मुकाबले
मेला एवं अन्य उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि चंबल राजस्थान केसरी कुश्ती दंगल विभिन्न कैटेगरी में खेला जाएगा। राजस्थान केसरी (70 किलो से अधिक भार वर्ग) फ्रीस्टाइल और ग्रीको स्टाइल में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 51000 रूपए और तृतीय तथा चतुर्थ पुरस्कार 21000 रुपए रखा गया है। महिला वर्ग में हाड़ी रानी राजस्थान केसरी (60 किलो से अधिक भार वर्ग) कुश्ती दंगल में प्रथम पुरस्कार 75000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 41000 रुपए तथा तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार 15000 रुपए का रखा गया है।
वहीं राजस्थान कुमार केसरी दंगल केसरी (60-70 किलो वर्ग) में प्रथम पुरस्कार 51000 रूपए, द्वितीय पुरस्कार 31000 रुपए तथा तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार 15000 रूपए रखा गया है। हाडी रानी चम्बल राजस्थान कुमारी महिला (50- 60 किलो भार वर्ग) में प्रथम पुरस्कार 31000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 21000 रुपए तथा तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार 11000 रुपए रखा गया है।
हाड़ौती स्तर की कुश्तियां भी होंगी
कोटा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष और आयोजन सचिव तेजेन्द्र सिंह बराड़ ने बताया कि हाडोती चंबल केसरी में प्रथम पुरस्कार 21000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 11000 रुपए और तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार 7000 रूपए का रखा गया है। हाड़ी रानी चम्बल हाड़ौती केसरी में प्रथम पुरस्कार 15000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 11000 रुपए और तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार 5000 रूपए का रखा गया है। हाड़ौती चंबल कुमार टाइटल में प्रथम पुरस्कार 11000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 5000 रुपए और तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार 3000 रुपए रखा गया है। हाड़ी रानी चंबल कुमारी में प्रथम पुरस्कार 11000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 5000 रुपए और तृतीय व चतुर्थ पुरस्कार 3000 रुपए का रखा गया है। इसके अलावा चंबल अभिमन्यु, चंबल बसंत और चंबल बाल केसरी टाइटल के लिए भी मुकाबले होंगे।

