गोदावरीधाम पर गणेश वंदना से होगा आज कोटा महोत्सव का आगाज

0
15

कोटा। Kota Mahotsav: कोटा महोत्सव का शुभारंभ आज 21 फरवरी को प्रातः 7:30 बजे गोदावरी धाम पर गणेश वंदना के साथ होगा। इसके बाद आगे होने वाले सभी कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दे दिया गया है।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग श्रीमती कृष्णा शुक्ला ने बताया कि कोटा महोत्सव की समस्त तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को सभी जगहों का दौरा किया गया।

उनके साथ दौरे में कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव मुकेश चौधरी, सहायक अभियन्ता ललित मीणा, प्रशिशु IAS आराधना चौहान, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विकास पांडे, सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी सहित कई अधिकारी शामिल थे।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा महोत्सव के मुख्य आकर्षण हेरिटेज वॉक, कचोरी पेस्ट, चंबल माता की महा आरती एवं सेलिब्रिटी नाइट शामिल हैं।

इन आयोजनों मे हेरिटेज वॉक एवं कचोरी पेस्ट के लिए कोटा व्यापार महासंघ, होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। मार्ग मे सैकड़ो स्वागत द्वार लगाए गए हैं।

जगह-जगह क्षेत्रीय व्यापार संघों द्वारा भव्य स्वागत एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई है। साथ ही चंबल महा आरती एवं दीपदान को भी भव्यता प्रदान की जा रही है। सेलिब्रिटी नाइट में फिल्म गायक अर्जुन कानूनगो एवं राजस्थानी लोक गायक सीमा मिश्रा भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देगी।

इन कार्यक्रमों में कोटा व्यापार महासंघ होटल फेडरेशन राजस्थान कोटा डिवीजन, कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन सहित कई संस्थाएँ अपनी भागीदारी निभा रही है। फिल्म फेस्टिवल के तहत चंबल फिल्म फेस्टिवल के अध्यक्ष कपिल सिद्धार्थ द्वारा हाड़ोती के पर्यटन स्थलों पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म मुकुंदरा दिखाई जाएगी।

साथ ही प्रसिद्ध गायक क्षितिज तारे का कार्यक्रम होगा। पर्यटन विभाग के उप निदेशक विकास पांडे एवं सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कोटा महोत्सव के आयोजन के तहत 21 फ़रवरी शनिवार को प्रातः 7:30 बजे गोदावरी धाम पर श्री गणेश वंदना के साथ प्रभु श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त कर कोटा महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा।

आज के प्रमुख कार्यक्रम
इसके बाद चम्बल रिवर फ्रंट के वेस्टर्न घाट पर प्रातः 11:00 बजे लोकल टैलेंट हंट कोटा के उभरते नृत्य प्रतिभागियों का ऊर्जावान मंचन होगा। दोपहर 12:00 बजे मास्टर शेफ प्रतियोगिता, दोपहर 01:30 PM सुरीला कोटा (लाइव सृजन ‘द स्पार्क’), अपरान्ह 04:30 बजे घूमर नृत्य प्रस्तुति, सायं 6:00 बजे म्हारो राजस्थान लोक सांस्कृतिक संध्या, सांय 7:00 बजे विजय श्री रंगमंच दशहरा मैदान पर प्रसिद्ध फिल्मी गायक अर्जुन कानूनगो की सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन होगा।

कल के कार्यक्रम
इसी के साथ रविवार 22 फ़रवरी को प्रातः 7:00 बजे हेरिटेज वॉक श्री मथुराधीश जी मंदिर से प्रारंभ होगी। गढ़ पैलेस पर कचोरी पेस्ट के साथ केथूनीपोल लाल ब्रज सुभाष मार्ग श्रीपुरा, सुंदर धर्मशाला, इन्द्रा मार्केट, पुरानी सब्जी मंडी, विजय मार्केट, अग्रसेन बाजार होते हुए रामपुरा कोतवाली तक जाएगी। इसी के साथ प्रातः 11:00 पेट शो का आयोजन सेवन वंडर्स पार्क पर होगा।

चंबल रिवर फ्रंट पर निरोगी कोटा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिष्ठित चिकित्सकों की सार गर्भित परिचर्चा होगी। कोटा ऑनस्क्रीन – फिल्म फेस्टिवल मे सफेद जैसी फिल्मों और मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से सिनेमा और क्षेत्रीय कथाओं का प्रसारण होगा। दोपहर 1:00 बजे वास्तु वाणी पंडित सतीश शर्मा वास्तु सिध्द्धांतों पर विशेष मार्गदर्शन देंगें।

सांय 4:00 बजे प्रसिद्ध गायक क्षितिज तारे की प्रस्तुति, सांय 5:30 कोटा महोत्सव का विशेष आकर्षण चंबल तट पर दीपों और मंत्रोच्चार से सजी भव्य महा आरती का आयोजन, सांय 7:00 बजे कोटा डोरिया फैशन शो का आयोजन होगा। रात्रि 8 बजे विजय श्री रंगमंच दशहरा मैदान पर प्रसिद्ध राजस्थानी गायक सीमा मिश्रा लोक धुनों से सजी राजस्थान की मन मोहक प्रस्तुति देगी।

इनकी रहेगी मौजूदगी
गोदावरी धाम पर होने वाली गणेश वंदना में पुलिस महानिदेशक, संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कोटा विकास प्राधिकरण के समस्त अधिकारी, नगर निगम के समस्त अधिकारी गण, पर्यटन विभाग के उप निदेशक, सहायक निदेशक सहित समस्त अधिकारी कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं के पदाधिकारी, होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के समस्त सदस्य, कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन के समस्त सदस्य, दी एस एस आई एसोसियेशन के सदस्य धार्मिक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया यूट्यूबर्स, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन सहित कई गणमान्य नागरिक एवं आमजन शामिल होंगे ।