कोटा। होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी एवं कैट के जिला अध्यक्ष अनिल मूंदड़ा ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) कृष्णा शुक्ला से भेंट कर कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप्प होने को लेकर उत्पन्न गंभीर स्थितियों से अवगत कराया।
माहेश्वरी ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को बताया कि कोटा में होटल, रेस्टोरेंट व्यवसाय, कैटरिंग व्यवसाय, हॉस्टल व्यवसाय एवं मैस व्यवसाय छोटे-छोटे चाय नाश्ता खोमचे वाले कचौड़ी नमकीन के व्यवसाइयों की दुकानों पर गैस पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है। आगे इन सभी को अपना व्यवसाय चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
माहेश्वरी ने बताया कि शहर में इलेक्ट्रिक भट्टिया, डीजल गैस भट्टियो का स्टाक भी पूरी तरह से खत्म हो गया है। वर्तमान में इन सभी प्रतिष्ठानों में स्टाफ जो बाहर से आकर यहां काम कर रहा है, उनके खाना बनाने की गैस तक भी खत्म हो चुकी है।
वर्तमान में चल रहे शादी विवाह में कैटरिंग व्यवसाइयों के पास गैस की अनुपलब्धता से विकट स्थिति खड़ी हो गई है। कोटा मे हजारो लाखो छात्र-छात्राए हॉस्टलों में निवास कर रहे हैं। उनके सामने भी भोजन की समस्या का संकट खड़ा हो गया है। आने वाला समय और विकट परिस्थितियों का होगा।
माहेश्वरी में अतिरिक्त जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि उनके द्वारा गैस कंपनियों से संपर्क किए जाने पर उन्होंने पूरी तरह गैस सिलेंडर देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक खत्म हो चुका है। आगे की सप्लाई आने की संभावना बिल्कुल भी नहीं दिख रही है।
होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी महासचिव एवं संदीप पाडिया ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि इन परिस्थितियों को पूरी तरह से उभारने के लिए जिला प्रशासन कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता करवाये। अतिरिक्त जिला कलेक्टर शुक्ला ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन सिलेंडरों की उपलब्धता प्रदान करने के पूरे प्रयास कर रहा है।

