48 दीपों से होगी भव्य महाआरती व भजन संध्या
कोटा। धर्मप्रभावना और आत्मशुद्धि के पावन पर्व के रूप में गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी का 77वां अवतरण महोत्सव 19 एवं 20 जनवरी को तलवंडी स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर परिसर में श्रद्धा, और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा।
अध्यक्ष अशोक पहाडिया ने बताया कि आयोजन की पूर्व संध्या पर गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ ने महावीर नगर द्वितीय जैन मंदिर से विहार कर तलवंडी जैन मंदिर में मंगल प्रवेश किया। तलवंडी मंदिर पहुंचने पर पट्टगणिनी आर्यिका विज्ञमति माताजी ने उनकी अगुवानी की।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पाद प्रक्षालन किया गया। बाजे-गाजे के साथ नाचते-गाते श्रावक-श्राविकाएं माताजी के विहार में सम्मिलित हुए। गणिनी आर्यिका श्री 105 विभाश्री माताजी तलवंडी में आयोजित 77वें अवतरण महोत्सव में भाग लेंगी।
महामंत्री प्रकाश सामरिया एवं प्रचार मंत्री राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि श्री दिगंबर जैन मंदिर, तलवंडी में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में गुरुमां गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी एवं ब्रह्मविद्या वाचस्पति, प्रज्ञा पद्मिनी करुणामूर्ति पट्टगणिनी आर्यिकारत्न विज्ञमति माताजी ससंघ के साथ गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी एवं विनयश्री माताजी (ससंघ) का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।
महामंत्री प्रकाश सामरिया एवं प्रचार मंत्री राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि 19 जनवरी को प्रातः तलवंडी धर्मशाला परिसर में 77 जोड़ों द्वारा भगवान श्री आदिनाथ का आदिनाथ मंडल विधान संपन्न होगा।
सायंकाल 6 बजे श्रेष्ठी धर्मचंद काला परिवार के निवास, 492-ए तलवंडी से बग्गी में बैठक भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ रवाना होकर जाट समाज, कपिल मेडिकल होते हुए श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तलवंडी पहुंचेगी, जहां 77 दीपकों से भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन होगा तथा प्रातःकाल लगभग 4.30 बजे श्रद्धालुओं को गुरुमां का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा।
20 जनवरी को प्रातः गुरुमां की विशेष पूजन एवं आराधना आयोजित की जाएगी। दोपहर 12.15 बजे तलवंडी से सत्यार्थ भवन, जवाहर नगर तक माताजी ससंघ का भव्य विहार निकाला जाएगा, जहां जन्मोत्सव समारोह श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न होगा।
महिला मंडल की महामंत्री सुनीता सामरिया ने जानकारी दी कि 77वें अवतरण महोत्सव के अंतर्गत विधान में बैठने वाले पात्रों के लिए हल्दी एवं मेहंदी का भव्य, आकर्षक एवं संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमे भक्ति गीत संगीत के साथ महिलाओं ने बढ-चढ कर हिस्सा लिया।

