श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर छावनी पर तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव समारोह शुरू
कोटा। छावनी स्थित प्रसिद्ध श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का भव्य शुभारंभ बुधवार को भक्तिमय वातावरण में शोभायात्रा के साथ हुआ।
उत्सव के प्रथम दिन श्री मंगलेश्वर महादेव मंदिर, छावनी से एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें हनुमान जी के जयकारों के साथ श्रद्धा और भक्ति की बयार बहती रही। शोभायात्रा में 1100 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गान करती हुई चल रही थीं।

शोभायात्रा नगर निगम कॉलोनी मार्ग से होते हुए मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पहुँची। पूरी राह ‘घूमा दे म्हारा बालाजी घूमर घूमर घोटो..’ और ‘खुश होंगे हनुमान, राम राम रटे जा..’ जैसे भजनों से गुंजायमान रही। युवाओं की टोली बैंड की मधुर धुन पर थिरकती नजर आई। जिससे पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया।
मार्ग को भगवा पताकाओं और तोरण द्वारों से सजाया गया था। जगह-जगह सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर और अल्पाहार वितरित कर यात्रा का स्वागत किया। प्रथम दिन की पूर्व संध्या पर मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ भी संपन्न हुआ।
इस दौरान अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया, सचिव योगेश कोटिया, उपाध्यक्ष कमल शाक्यवाल, कोषाध्यक्ष नितेश सिंह, मुख्य यजमान घनश्याम प्रजापति, त्रिलोक नैनवानी, विजय सिंह राठौड़, भूपेंद्र प्रजापति, नागेंद्र सिंह गौड़ समेत कईं लोग उपस्थित रहे।
भजन संध्या आज
समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश तुसिया ने बताया कि प्राकट्य उत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा। प्रातः काल बजरंगबली का पंचामृत से महाअभिषेक करने के बाद प्रतिमा का विशेष स्वर्ण श्रृंगार किया। शाम 7:30 बजे 125 दीपकों के साथ भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात रात्रि 9 बजे से बहुप्रतीक्षित ‘भजन संध्या’ शुरू होगी। जिसमें राजसमंद के सुप्रसिद्ध गायक भगवत सुथार एंड पार्टी द्वारा भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी। इसी दौरान सामूहिक विवाह के ‘मुख्य माता-पिता’ के चयन की बोली प्रक्रिया भी संपन्न होगी।
सामूहिक विवाह सम्मेलन कल
उत्सव का समापन शुक्रवार को सेवा कार्यों के साथ होगा। इस दिन प्रातः 9 बजे से 32 जोड़ों का निशुल्क सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें सर्व समाज की जरूरतमंद कन्याओं का कन्यादान किया जाएगा। इसके साथ ही दोपहर 1 बजे से विशाल आम भंडारे का आयोजन भी होगा। जिसमें करीब 70 हजार लोगों के भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है।

