कोटा। श्री श्याम कन्या विवाह समिति का दो दिवसीय श्री श्याम महोत्सव निशान यात्रा के साथ शनिवार को शुरु हुआ। महोत्सव के तहत रविवार को 5 कन्याओं का विवाह और कन्यादान भी किया जाएगा।
पहले दिन श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। जो टीलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर फर्नीचर मार्केट, मल्टीपरपज स्कूल, सूरजपोल गेट, कैथूनीपोल थाना, गंदीजी की पुल, पुरानी सब्जीमंडी, अग्रसेन बाजार होते हुए रामपुरा रामपुरा मुख्य बाजार पर संपन्न हुई। इस दौरान पुरुष निशान ध्वज लेकर चल रहे थे।
वहीं 101 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चल रहीं थीं। युवक युवतियां डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। निशान यात्रा में डीजे और बग्घियां शामिल रहीं। जिसमें खाटूश्याम बाबा की भव्य झांकी बनाई गई थी।
झांकी का दिल्ली के कलाकारों द्वारा फूलों से श्रृंगार किया गया था। निशान यात्रा के मार्ग में तोरण द्वार लगाए गए थे। जहां पुष्प वर्षा के साथ खाटूवाले.., हारे के सहारे.. और तीन बाणधारी के जयकारे गूंज रहे थे। विभिन्न स्थानों पर अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर हितेंद्र शर्मा हितु, पुलिस अधिकारी लोकेंद्र पालीवाल, भुवनेश्वर शर्मा चच्चू, कार्यक्रम संयोजक पं. अभिषेक शर्मा, प्रिंस शर्मा, अन्नू अग्रवाल, अजय शर्मा, आशीष शर्मा, दीप अग्रवाल, लोकेश शाक्यवाल, धर्मेंद्र सिंह, दिवाकर, निहाल समेत कईं लोग मौजूद रहे।
भक्तों ने भजनों पर झूमकर लगाई अर्जी
शनिवार रात्रि को रामपुरा बाजार में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें त्रिशा सुथार समेत ख्यातनाम कलाकारों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। श्याम सरकार का भव्य श्रृंगार किया गया और पवित्र ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। भजन संध्या में भजन गायिका तृषा सुथार ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने “मेरे श्याम तेरे दर की तो बात निराली है../ मैं जग से गया हूँ हार ओ खाटू वाले../ “श्याम तेरे दर्शन को ये दुनिया तरसती है../ देता हर दम सांवरे तू हारे का साथ.. जैसे भजनों से समां बांधा। इन भजनों को सुनकर भक्तगण झूम उठे और पूरा मंदिर प्रांगण बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
संतों के सान्निध्य में आज होगा कन्या विवाह
कार्यक्रम संयोजक पं. अभिषेक शर्मा ने बताया कि रविवार को प्रातः 10 बजे से सर्वजातीय निशुल्क कन्या विवाह आयोजित होगा। जिसमें संतों के सान्निध्य में जरूरतमंद कन्याओं के हाथ पीले किए जाएंगे। इस दौरान 10:30 बजे वर वधु की निकासी निकाली जाएगी। जो रामपुरा मुख्य बाजार से प्रारंभ होकर आर्य समाज रोड, धान मंडी होते हुए वापस विवाह स्थल पर पहुंचेगी। जहां 11 बजे तोरण की परंपरा निभाई जाएगी। इसके बाद 12 बजे फेरे होंगे। समारोह में सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम मुख्य अतिथि होंगी।

