ढाका। बांग्लादेश के चुनाव में बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (BNP) अपने नेता तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुला सकती है। BNP के एक शीर्ष नेता ने यह जानकारी दी है।
BNP नेता हुमायूं कबीर ने कहा कि तारिक रहमान के आगामी शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारतीय प्रधानमंत्री को बुलाने की योजना है। उन्होंने निमंत्रण को बेहतर संबंधों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सद्भावना भरा संदेश बताया। BNP के शीर्ष नेताओं में गिने जाने वाले कबीर पार्टी प्रमुख तारिक रहमान के फॉरेन पॉलिसी एडवाइजर हैं।
WION को दिए इंटरव्यू में कबीर ने कहा, ‘हमारे लिए यह क्षेत्र महत्वपूर्ण है। तारिक रहमान की विदेश नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इस क्षेत्र को एक प्रभावशाली क्षेत्र बनाना है।’ उन्होंने कहा कि ‘आप लोगों को शामिल होने के लिए निमंत्रण देते हैं।
उम्मीद की जाती है कि आप शामिल होंगे।’ बीएनपी नेता ने आगे कहा कि ‘निमंत्रण भेजने में प्राथमिकता की एक भावना है। समय कम है लेकिन इसमें एक संकेत है। एक सद्भावना संकेत…।’
इस बीच बीएनपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से भारतीय प्रधानमंत्री को पार्टी की जीत पर दिए गए बधाई संदेश के लिए धन्यवाद दिया है। बीएनपी ने लिखा, ‘माननीय नरेंद्र मोदी, बहुत-बहुत धन्यवाद।
राष्ट्रीय चुनाव में BNP को निर्णायक जीत दिलाने में मिस्टर तारिक रहमान के नेतृत्व को आपने जिस तरह से माना है, उसके लिए हम बहुत आभारी हैं। यह नतीजा बांग्लादेश के लोगों के हमारे नेतृत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भरोसे और विश्वास को दिखाता है।’
बीएनपी ने आगे कहा कि बांग्लादेश अपने सभी नागरिकों के लिए लोकतांत्रिक मूल्य, सबको साथ लेकर चलने और आगे बढ़ने वाले विकास को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

