क्या धनिया इस बार 2022 का स्तर छूएगा, जानिए एक्सपर्ट का अनुमान

0
31

नई दिल्ली। धनिया के भाव दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। वर्तमान हालात को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि भाव 2022 का स्तर छू सकते हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 के दौरान उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर धनिया के भाव 10500/11500 रुपए के स्तर पर पहुंच गए थे। वर्तमान में मध्य प्रदेश की मंडियों में स्कूटर क्वालिटी का भाव 10000/10200 रुपए प्रति क्विंटल के स्तर पर बोला जाने लगा है।

एक अनुमान के अनुसार वर्ष 2022 के पश्चात धनिया की कीमतों में अभी तक पांच अंकों का स्तर नहीं छू सकी थी, लेकिन गुरुवार को वायदा एवं हाजिर बाजारों में धनिया के भाव पांच अंकों का स्तर छू गई है। मंडियों में धनिया के भाव 10000 रुपए का स्तर छू गए हैं। जबकि वायदा में दिसम्बर माह का भाव 10326 रुपए एवं जनवरी 10146 के स्तर पर बंद हुआ है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के पश्चात देश में धनिया का उत्पादन प्रतिवर्ष घट रहा है। Lenden News ने जनवरी- 2025 के दौरान लिखा था कि धनिया के भाव 2022 का स्तर छू सकते हैं। उस समय मंडियों में धनिया स्कूटर का भाव 7500/7800 रुपए एवं ईगल का भाव 7000/7200 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा था जबकि बादामी का भाव 6800/7000 रुपए प्रति क्विंटल बोला जा रहा था। जबकि वर्तमान में स्कूटर का भाव 10000/10200 रुपए एवं ईगल का भाव 9400/9600 तथा बादामी का भाव 8800/9200 रुपए बोला जा रहा है।

तेजी का कारण
धनिया में तेजी का प्रमुख कारण वर्ष 2025 के पश्चात देश में धनिया का घटता उत्पादन एवं स्टॉक भी लगातार कम होना माना जा रहा है। व्यापारिक अनुमान के अनुसार वर्ष 2023 में देश में धनिया का उत्पादन 1.60 करोड़ बोरी का रहा था, जोकि वर्ष 2024 में घटकर 1.15/1.20 करोड़ बोरी का रहा और वर्ष 2025 में ओर घटकर एक करोड़ बोरी के आसपास माना गया है।

एक ओर जहां उत्पादन में गिरावट आ रही है वहीं दूसरी तरफ स्टॉक भी घट रहा है। वर्ष 2024 के दौरान नई फसल के समय उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर धनिया का स्टॉक 40/45 लाख बोरी का माना गया था, जोकि वर्ष 2025 में घटकर 35 से 38 लाख बोरी का रह गया। जबकि चालू सीजन के दौरान स्टॉक 15/20 लाख बोरी रह जाने के व्यापारिक अनुमान लगाये जा रहे है। इसके अलावा व्यापारियों का मानना है कि इस वर्ष भी देश में धनिया की बिजाई गत वर्ष की तुलना में कम रहेगी।

तेजी-मंदी का पूर्वानुमान
जानकार सूत्रों का कहना है कि चालू माह के दौरान धनिया की कीमतों में 1500/1800 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी बन गई है। जिस कारण बाजार में मुनाफावसूली बढ़ने की संभावना है। जिस कारण से अल्पकाल के लिए भाव घट सकते हैं लेकिन भविष्य अच्छा रहेगा। अधिक मंदा-तेजी का अनुमान बिजाई की स्थिति स्पष्ट होने पर लगाया जाएगा।

निर्यात के आंकड़े
चालू सीजन 2025-26 के प्रथम पांच माह अप्रैल-अगस्त – 2025 के दौरान धनिया का निर्यात 27913 टन का हुआ और निर्यात से प्राप्त आय 289.96 करोड़ की रही जबकि अप्रैल-अगस्त- 2024 के दौरान निर्यात 25195 टन का रहा था और निर्यात से प्राप्त आय 262.25 करोड़ की रही। चालू सीजन के शुरूआती पांच माह में निर्यात एवं आय में 11-11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024-25 के दौरान धनिया का कुल निर्यात 60324 टन का हुआ था। जबकि वर्ष 2023-24 में रिकॉर्ड निर्यात 108624 टन का हुआ था।