कोटा-श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस के एसी कोच के चक्के में आग लगी, देखिए वीडियो

0
13

ड्यूटी पर तैनात टिकट निरीक्षक की सतर्कता से दुर्घटना टली

कोटा। कोटा-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के एक कोच में आग लग गई। ड्यूटी पर तैनात टिकट निरीक्षक की सतर्कता से बड़ी दुर्घटना टल गई

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ट्रेन संख्या 19803 कोटा–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस ट्रेन रात्रि 21.00 बजे मथुरा से रवाना हुई थी। टिकट जांच के दौरान इंसाफ अली को जलने की गंध महसूस हुई। उन्होंने तुरंत दरवाजे से झांक कर बाहर देखा तो बी–3 कोच के पहिए के समीप धुआं एवं आग की लपटें दिखाई दीं।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल आपातकालीन जंजीर खींचकर ट्रेन को लगभग 21.40 बजे रोका। तत्पश्चात उन्होंने ऑनबोर्ड स्टाफ की सहायता से विभिन्न कोचों में उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों का उपयोग करते हुए आग बुझाने की कार्रवाई प्रारंभ की। कुल 15 अग्निशामक यंत्रों के उपयोग से आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया।

इस दौरान घटना की सूचना नियंत्रण कक्ष के माध्यम से उच्च अधिकारियों को तत्काल दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित खंड में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए समीपवर्ती ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन रोका गया।

आग पर नियंत्रण के पश्चात ट्रेन को 22.03 बजे पुनः गंतव्य की ओर रवाना किया गया। अगले स्टेशन पर तकनीकी जांच की गई, जिससे यात्रा की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

रेलवे प्रशासन ने इस घटना में टिकट निरीक्षक कोटा इंसाफ अली की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं साहस की सराहना की है। उनकी त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित रही।