कोटा। Brij Mohan Malviya passed away: कोटा व्यापार महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष बृजमोहन मालवीय का सोमवार को निधन हो गया। कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन और महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि जैसे ही कोटा शहर में उनके निधन के समाचार मिले पूरे शहर में शोक की लहर छा गई।
जैन व माहेश्वरी ने बताया सन् 1991में कोटा व्यापार महासंघ का गठन हुआ जिसके वे संस्थापक अध्यक्ष बने और लगातार 2002 तक उन्होंने कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पद पर अपना कार्यभार संभाला। 37 संस्थाओं से शुरू हुआ कोटा व्यापार महासंघ उनके मार्गदर्शन से आज सबसे सशक्त संगठन के रूप में पूरे राज्य में पहचाना जाता है और आज इसकी 170 से अधिक व्यापारिक एवं औद्योगिक संस्थाएं इसकी सदस्य हैं, जिनके 2 लाख व्यापारी उनसे जुड़े हुए हैं।
उनका राज्य में चुंगी समाप्त कराए जाने में बहुत बड़ा योगदान था। उन्होंने व्यापारिक हितों के लिए कई आंदोलन भी किये। उनकी निर्णय क्षमता बड़ी तीव्र थी। उनका हमारे बीच से चले जाना कोटा के व्यापार जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। कोटा व्यापार महासंघ की सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके दुखद निधन पर अपनी हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित की है।

