ज्ञान और विरासत का केंद्र बनेगा 11 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में फैला संविधान पार्क
कोटा। संवैधानिक मूल्यों, समानता, अधिकारों और कर्तव्यों की निरंतर अलख जगाने के लिए कोटा में संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 60 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसका निर्माण श्रीनाथपुरम में करीब 11 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में प्रस्तावित संविधान पार्क में किया जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर केडीए से इसके निर्माण को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली है। महर्षि गौत्तम सर्किल के पास बनने जा रहा संविधान पार्क ज्ञान और विरासत का केंद्र बनेगा। करीब 25 फीट ऊंचा विशाल पेडस्टल तैयार कर उस पर 40 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा की कुल ऊंचाई 65 फीट रखी गई है।
प्रतिमा के लिए बनाए जाने वाले पेडस्टल का निर्माण बंसी पहाड़पुर के पत्थर से किया जाएगा। जिसमें भारतीय स्थापत्य और कला का सुंदर मेल दिखाई देगा। पेडस्टल पर डॉ. अंबेडकर के जीवन से जुड़े प्रेरक उद्धरण उकेरे जाएंगे, जो युवाओं को समानता, शिक्षा और न्याय के मूल्यों से परिचित करेंगे। पेडस्टल के भीतर सीढ़ियां और 4-6 व्यक्तियों के लिए लिफ्ट लगेगी जिससे आगंतुक ऊपर जाकर पुष्पांजलि अर्पित कर सकेंगे।
संविधान पार्क का प्रवेश द्वार पैरामीट्रिक डिज़ाइन में तैयार किया जा रहा है, जो आधुनिक वास्तुकला और भारतीय मूल्यों का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करेगा। पार्क के मध्य से होकर गुजरने वाला 700 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक स्वास्थ्य, सौंदर्य और हरियाली का संतुलित अनुभव प्रदान करेगा।
इसके आसपास सघन वृक्षारोपण, लैंडस्केपिंग, वर्टिकल गार्डन और पर्यावरण अनुकूल संरचनाएं पूरे परिसर को एक शांत, हरा-भरा और जीवंत रूप देंगी। यह स्थल न केवल शहरवासियों के लिए देश भर के आगंतुको के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा।
संविधान पार्क में विश्वस्तरीय संविधान संग्रहालय का निर्माण भी होगा। इसका निर्माण दिल्ली में बने प्रधानमंत्री संग्राहलय की तर्ज पर होगा। यह पर्यटन व मनोरंजन स्थल के साथ शहर के लिए एक शैक्षिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायी केंद्र के रूप में उभरेगा।
यहां रोचक गतिविधियां युवाओं को संविधान की यात्रा से जोड़ेंगी। संग्रहालय का बाहरी स्वरूप भी ग्रीन बिल्डिंग टाइपोलॉजी को दर्शाएगा। आधुनिक तकनीक,संविधान और अंबेडकर दर्शन का सुन्दर समन्वय देखने को मिलेगा।
यह रहेगी विशेषता
प्रतिमा
- 65 फीट कुल ऊंचाई
- 40 फीट प्रतिमा की ऊंचाई
- 25 फीट ऊंचा विशाल पेडस्टल
म्यूजियम
- वर्चुअल हेलीकॉप्टर राइड
- पसंदीदा राजनेता के साथ वर्चुअल सेल्फी
- संविधान क्विज़
- इंटरएक्टिव स्क्रीन और एवी डिस्प्ले

