कोटा में भाजपा कार्यालय का निर्माण शुरू, दीपावली तक पूरा होने की उम्मीद: जैन

0
4

कोटा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर विधिवत हवन पूजन कर, छावनी रामचन्द्रपुरा के समीप, 80 फिट रोड पर, भाजपा कोटा के नवनिर्माणाधीन कार्यालय भवन के कार्य का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठजन तथा कार्यालय निर्माण समिति सदस्यों को साफा, शॉल, दुपट्टा पहनाकर व प्रतिकचिन्ह, श्रीफल , पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि मदन राठौड ने सभी को भाजपा स्थापना दिवस की शुभकामनायें देते हुये, कहा कि 6 अप्रैल भारतीय राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है।

इसी दिन सन् 1980 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्थापना हुई थी। आज जब भाजपा अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है, तब यह केवल एक राजनीतिक दल का उत्सव नहीं, बल्कि एक दीर्घ वैचारिक यात्रा का स्मरण भी है।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा की डबल इंजन की सरकार के साथ राजस्थान में विकास के नये नये आयाम स्थापित कर रहे है। राजस्थान का चहुंमुखी विकास हो रहा हैं।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के भाव को लेकर केन्द्र व राज्य में भाजपा की डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। विधायक कल्पना देवी ने कहा कि बहुत की खुशी का दिन है, आज कोटा में विशेषकर लाडपुरा विधानसभा में कोटा के भाजपा का भव्य भवन का निर्माण होने जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के लगातार मार्गदर्शन व निर्देशन के बाद कोटा में दो कमरों से संचालित भारतीय जनता पार्टी को लंबी यात्रा के बाद स्वंय का भवन मिलने जा रहा है।

जैन ने कहा कि यह भवन सिर्फ सीमेंट, रेट ईंटो का भवन नहीं, यह भवन हमारे पूर्वजों के तप, तपस्या, त्याग बलिदान की अमिट धरोहर साबित होगा, जिसमें पूर्वजों का आशीर्वाद, वर्तमान पीढ़ी के कार्य से निश्चित ही भारत विकसित भारत बन सके। जैन ने कहा कि हमारी इच्छा है कि नया कार्यालय भवन दीपावली तक बन कर तैयार हो जाये और हम इसमें दीपावली पूजन कर सकें।

जैन ने इस अवसर पर 80 फिट रोड का नाम बदलकर पं.दीनदयाल उपाध्याय मार्ग तथा इस भवन के पास प्रस्तावित निर्माणाधीन पार्क का नाम प्रेरणा स्थल करवाये जाने का प्रस्ताव मंचासीन जनप्रतिनिधियों के सम्मुख रखा।

इस पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी , डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी , पं. दीनदयाल उपाध्याय व बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगवायी जाना प्रस्तावित है, जो आमजन को राष्ट्र के प्रति भक्ति व प्रेम की प्रेरणा देंगे।

प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सेनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज हॉर्मुज से भारत का झण्डा लगा तेल गैस के जहाज आसानी से निकल पा रहे है।

भवन निर्माण समिति संयोेजक अजयपाल सिंह, कोटा शहर प्रभारी अजित मेहता व कोटा देहात प्रभारी मानसिंह बारहठ ने कहा कि कोटा में राजस्थान का सबसे बड़ा कार्यालय निर्मित होगा, यह 8/9 महीने में पूरा हो जायेगा। दीपावली पूजन इसमें हो इस तरह की पूरी कोशिश रहेगी।