कचौरी फेस्ट और निरोगी कोटा टॉक शो होंगे विशेष आकर्षण
कोटा। Kota Mahotsav 2026: शहर में 21 फरवरी से शुरू हो रहे दो दिवसीय ‘कोटा महोत्सव 2026’ को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। महोत्सव के दूसरे दिन 22 फरवरी को प्रातः 7 बजे भव्य हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरवासी पारंपरिक साफा पहनकर अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।
यह हेरिटेज वॉक मथुराधीश मंदिर से प्रारंभ होकर गढ़ पैलेस, पद्मनाभ मंदिर, किशोरपुरा गेट, कोटड़ा हाउस, कैथूनीपोल और सुभाष चौक होते हुए रामपुरा कोतवाली तक निकाली जाएगी। स्वागत में समूचा कोटा व्यापार महासंघ जुटा हुआ है। मार्ग में जगह-जगह भव्य अगवानी के साथ प्रशासनिक टीम का अभिनंदन भी किया जाएगा।
महोत्सव की भव्यता को बढ़ाने के लिए गढ़ पैलेस के दरीखाने में विशेष ‘कचौरी फेस्ट’ का आयोजन होगा। वहीं शनिवार को जिला कलेक्टर के निर्देश पर एडीएम सीलिंग कृष्णा शुक्ला, नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा और केडीए सचिव मुकेश चौधरी सहित उच्चाधिकारियों ने पूरे रूट का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने व कचरा पॉइंट हटाने के निर्देश दिए।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (कोटा संभाग) के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने विश्वास जताया कि व्यापार और उद्योग जगत के सक्रिय सहयोग से यह आयोजन अभूतपूर्व होगा। महोत्सव के दौरान रिवर फ्रंट के नंदी घाट पर प्रातः 11 बजे ‘निरोगी कोटा’ कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. मामराज अग्रवाल, डॉ. अशोक शारदा और डॉ. नितेश बौद्ध जैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों का टॉक शो होगा, जहां आमजन स्वास्थ्य संबंधी शंकाओं का समाधान पा सकेंगे।
इसके अतिरिक्त 21 और 22 फरवरी को किशोर सागर तालाब पर प्रातः 11 से सायं 6 बजे तक फ्लावर शो सजेगा तथा सायं काल में पुलिस, आर्मी व आरएसी के बैंड द्वारा मधुर स्वर लहरियां बिखेरी जाएंगी, जो इस दो दिवसीय उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाएंगी।



