कोटा महोत्सव के राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार के लिए इन्फ्लुएंसर टीम तैयार

0
8

कोटा। कोटा महोत्सव को लेकर नगर निगम के कांफ्रेंस हॉल में कोटा महोत्सव के राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार प्रसार को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। कोटा इन्फ्लुएंसर (influencers) एसोसियेशन की अध्यक्ष भाविका प्रीत रमानी एवं समन्वयक ऋषभ भार्गव के नेतृत्व में करीब 40 सदस्यों की टीम ने गुरुवार को इस बैठक में भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम सिटी सीलिंग कृष्णा शुक्ला ने कोटा महोत्सव के आयोजन के बारे में कहा कि यह आम जनता का कार्यक्रम है, जिसकी गूंज पूरे राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचना चाहिए। हमारी विरासत, संस्कृति एवं पर्यटन का प्रचार पूरे देश में हो।

होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट में कोटा इन्फ्लुएंसर एसोसियेशन की अध्यक्ष भाविका प्रीतरमानी एवं समन्वयक ऋषभ भार्गव द्वारा इस दिशा में बेहतरीन कार्य किया गया। शहर के 50 से अधिक इन्फ्लुएंसर और पूरे देश के 100 से अधिक इन्फ्लुएंसर को कोटा में आमंत्रित किया, जिनके माध्यम से हजारों की संख्या में पर्यटन स्थलों की रीले बनाकर पूरे देश में प्रचारित की जा रही है।

कोटा इन्फ्लुएंसर एसोसियेशन की अध्यक्ष भाविका प्रीतरमानी ने कहा की कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट का बेहतरीन आयोजन हुआ, जिसमें शामिल हुए देशभर के 100 से अधिक इन्फ्लुएंसर का आयोजन समिति द्वारा बेहतरीन आतिथ्य सत्कार किया गया।

इन्फ्लुएंसर ने इस बात को स्वीकार किया कि आने वाले समय में हाड़ोती पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगा। आने वाले पर्यटन सीजन में पर्यटकों की संख्या में पूरी तरह से बढ़ोतरी होने की संभावनाएं हैं। सभी का एक ही उद्देश्य है कि किस तरह से कोटा की अर्थव्यवस्था एवं रोजगार को नई दिशा दें। उसमें सभी के साथ-साथ उनका भी प्रमोशन होगा।

उन्होंने कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट का बेहतरीन कवरेज करने के बाद कोटा के इन्फ्लुएंसर को गत दिनों कश्मीर के ट्रैवल मार्ट में आमंत्रित किया गया। मार्च माह में नेपाल में भी ट्रैवल मार्ट के कवरेज के लिए कोटा के इन्फ्लुएंसर को आमंत्रित किया गया है।