ऐसे आयोजन के माध्यम से हाड़ोती पर्यटन की दिशा में आगे बढ़ रहा है-अशोक माहेश्वरी
कोटा। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा 21 व 22 फरवरी को आयोजित कोटा महोत्सव की भव्य सफलता के बाद शुक्रवार को जिला कलेक्टर पीयूष समारिया के मुख्य आतिथ्य में कोटा महोत्सव के आयोजन में भागीदारी निभाने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियो को एक समारोह में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला ने बताया कि यह आयोजन सियाम ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में कोटा व्यापार महासंघ, होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन, कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन, कोटा मोटर व्हीकल डीलर्स एसोसियेशन, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन सहित 70 से अधिक संस्थाओं, मीडिया कर्मियों एवं इन्फ्लुएंस का सहयोग रहा। इतना ही नहीं यहां के प्रतिभावान कलाकारों द्वारा भी इस आयोजन में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर जो भव्यता प्रदान की, उनको सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से हमने हमारी संस्कृति, समृद्धि और हमारी स्थानीय प्रतिभाओं के कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी भागीदारी रखी, जिससे उन्हें प्रोत्साहन मिला। साथ ही हाड़ोती के पर्यटन विकास को लेकर चल रही मुहिम को भी इसे बल मिलेगा।
होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कोटा महोत्सव के बाद वे हाड़ोती को पर्यटन के मानचित्र पर निरंतर आगे की ओर ले जा रहे हैं।
कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट एवं कोटा महोत्सव के भव्य एवं सफल ऐतिहासिक आयोजन के बाद आने वाले पर्यटक सीजन में वे हाड़ोती के पर्यटन को नई ऊंचाइयां प्रदान करने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भागीदारी एवं मीडिया का इस आयोजन में भरपूर सहयोग मिला है। इससे जन-जन ने पूरी उमंग-उत्साह से अपनी भागीदारी निभाई है।
माहेश्वरी ने कहा कि वर्ष के अंतिम माह में कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट और कोटा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वे राज्य सरकार से मांग करेंगे कि कोटा महोत्सव का आयोजन भी अन्य महोत्सव के आयोजन की तरह पर्यटन के कैलेंडर वर्ष में शामिल किया जाए।
उन्होंने प्रशासन से कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट का भी चार दिवसीय आयोजन किए जाने की अपील की है। ताकि इस आयोजन में कोटा के अलावा बूंदी, बांरा एवं झालावाड़ को भी एक-एक दिन की भागीदारी मिल सके। बाहर से आने वाले टूर ऑपरेटर्स को पूरी हाड़ोती का भ्रमण करवाया जा सके।
होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा इस आयोजन को भव्यता प्रदान कर, नए स्वरूप में पेश करने पर हार्दिक आभार प्रकट किया है। लोकसभा अध्यक्ष के प्रयासों से हाड़ोती का चहुंमुखी विकास होगा। खासकर पर्यटन के क्षेत्र में हाड़ोती में नए आयाम स्थापित होंगे।
इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विकास पांडे एवं सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव को भी प्रतीक चिन्ह एवं सेवीनियर देकर सम्मानित किया गया।




