कोटा महोत्सव के आयोजन को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू

0
16

कोटा व्यापार महासंघ का इस आयोजन में सभी वर्गों को जोड़ने का आव्हान

कोटा। Kota Mahotsav: शहर में 21 एवं 22 फरवरी को होने वाले कोटा महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर मंगलवार को कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं के अध्यक्ष महामंत्री एवं पदाधिकारियों की एक बैठक कलेक्टर पीयूष समारिया की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर सभागार में संपन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर कृष्णा शुक्ला ने कोटा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आव्हान किया कि कोटा महोत्सव हमारी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर पर्यटन से जुड़े सभी पहुलओ का एक विशाल प्रदर्शन है, जो कोटा की समृद्ध विरासत को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि गत वर्ष इस आयोजन को जिस तरह से जन-जन का आयोजन बनाया गया था, उससे इस आयोजन में आमजन की भागीदारी बनी। जिसके परिणाम स्वरुप कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट जैसा आयोजन कोटा शहर को मिला। इसके पीछे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा मार्गदर्शन और सहयोग ने अहम भूमिका निभाई।

माहेश्वरी ने कहा कि कोटा महोत्सव के आयोजन को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक भव्य बनाने के लिए कोटा व्यापार महासंघ ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। वे इस आयोजन के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे। इस आयोजन में बाहर से आने वाले पर्यटकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस तरह से होना चाहिए कि आने वाले वर्षों में कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के साथ-साथ कोटा महोत्सव का आयोजन भी चार दिन का हो। ताकि पर्यटक पर्यटन स्थलों के अवलोकन के साथ-साथ कोटा महोत्सव के आयोजन का भी लुत्फ़ उठा सकें।

उन्होंने बताया कि कोटा व्यापार महासंघ की सभी संस्थाओं के पदाधिकारी 21 फरवरी को गोदावरी धाम पर गणेश वंदना में अपनी भागीदारी निभाएंगे। इसी के साथ 22 फरवरी को हेरिटेज वॉक एवं कचोरी फेस्ट और शाम को चंबल रिवर फंड के शोर्य घाट पर चंबल माता की आरती को भी सफल बनाने के लिए पूरी टीम का गठन किया गया है।

इसके लिए पुराने परकोटा परिसर के करीब 50 से अधिक व्यापारिक संगठनों के अध्यक्ष महामंत्रियों ने हेरिटेज वॉक एवं कचोरी फेस्ट में 100 से अधिक स्वागत द्वार जगह-जगह पुष्प वर्षा, अल्पहार, जलपान के माध्यम से हेरिटेज वॉक को सफल बनाने की मुहिम की शुरुआत कर दी है।

यह हेरिटेज वॉक मथुराधीश मंदिर से रवाना होकर गढ़ पैलेस, केथूनीपोल श्रीपुरा, सुभाष सर्किल, गन्धीजीकी पुल, इन्द्रा मार्केट, सुन्दर धर्मशाला, पुरानी सब्जी मंडी, विजय मार्केट, अग्रसेन बाजार, गांधी चौक एवं पुरानी धानमंडी होते हुए रामपुरा कोतवाली तक जाएगी। हेरिटेज वॉक का जगह- जगह भव्य स्वागत किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर समारिया ने कोटा व्यापार महासंघ की सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोटा व्यापार महासंघ शहर में होने वाले सभी आयोजनों को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी पूरी तत्परता से भागीदारी निभाता है, जिनके सहयोग एवं अथक प्रयासों से गत वर्ष कोटा महोत्सव को भारी सफलता मिली। जन-जन के आकर्षण का केंद्र बना। साथ ही कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट की अभूतपुर्व सफलता सभी के सहयोग से संभव हो पाई, जिसके माध्यम से आज हाड़ोती के पर्यटन की गूंज पूरे राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकी है।

बैठक को प्रशिक्षु आईएएस आराधना चौहान, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विकास पांडे, सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमित सिंह बेदी, कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष एवं श्री सरार्फा बोर्ड के अध्यक्ष सुरेंद्र गोयल विचित्र, रामपुरा व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रदीप पाटनी, सचिव ऋषभ जैन, व्यापार संघ पुरानी सब्जी मंडी के अध्यक्ष सुनील खरबंदा सहित कई पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।