कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और लगन के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर मंडल एवं रेल प्रशासन का नाम रोशन किया है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने न केवल कोटा मंडल, बल्कि पश्चिम मध्य रेलवे को भी गौरवान्वित किया है।
कोटा मंडल की एथलीट निधि रानी ने 24 से 26 अक्टूबर 2025 तक रांची (झारखंड) में आयोजित चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने डिस्कस थ्रो (चक्काफेंक) प्रतियोगिता में 52.18 मीटर का शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अर्जित किया। इससे पूर्व निधि रानी ने 5 से 7 सितंबर 2025 तक कोलकाता में आयोजित 19वीं ऑल इंडिया रेलवे एथलेटिक्स (पुरुष एवं महिला) चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीतकर पश्चिम मध्य रेलवे का गौरव बढ़ाया था।
इसी क्रम में, कोटा मंडल के ही पहलवान रवि शर्मा ने ऑल इंडिया रेलवे रेसलिंग चैंपियनशिप 2025–26 में रोमन शैली (Roman Style) के 130 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) प्राप्त किया।
वहीं, राहुल राठी ने इसी प्रतियोगिता में 92 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। तीनों ही खिलाड़ी पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के विद्युत लोको शेड, तुगलकाबाद में कार्यरत हैं। इनकी उपलब्धियों ने कोटा मंडल के सभी रेलकर्मियों और खेलप्रेमियों में गर्व एवं उत्साह का वातावरण उत्पन्न किया है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने निधि रानी, रवि शर्मा एवं राहुल राठी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से यह साबित किया है कि कोटा मंडल प्रतिभा और खेल भावना का केंद्र है। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य एवं आगे भी निरंतर सफलता की कामना की।

