कोटा मंडल की लिपिक कविता कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता कांस्य पदक

0
9

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-2 शॉट पुट स्पर्धा

कोटा। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) द्वारा आयोजित एक दिवसीय इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-2 में कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे की कनिष्ठ लिपिक कविता कुमारी ने शॉट पुट स्पर्धा में 13.75 मीटर का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया तथा कांस्य पदक जीता। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 5 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के श्रेष्ठ एथलीटों ने भाग लिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि सुश्री कविता कुमारी वर्तमान में कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे की सामान्य शाखा में कनिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। रेलवे सेवा में कार्य करते हुए उन्होंने खेल के प्रति अपनी लगन और परिश्रम को निरंतर बनाए रखा और इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीतकर कोटा मंडल का गौरव बढ़ाया है।

उल्लेखनीय है कि इंडियन एथलेटिक्स सीरीज भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा इस वर्ष प्रारंभ की गई 16-चरणीय राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता श्रृंखला है, जो अप्रैल से सितम्बर 2026 के मध्य देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर एथलीटों को प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान करना तथा एशियाई खेलों एवं राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी को गति देना है।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने कविता कुमारी को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पदक कविता की कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। रेलवे प्रशासन सदैव अपने कर्मचारियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।