केपीएल जैसे आयोजन खिलाड़ियों का लॉन्च पैड साबित होंगे: ऊर्जा मंत्री नागर
कोटा। KPL 2026: कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा कोटा के जेके पेवेलियन में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का रविवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कोटा डीसीए बनाम बाउण्ड्री ब्रकर्स अजमेर के मध्य खेला गया।
उद्घाटन के अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कोटा को दुनिया शिक्षा की काशी के नाम से जानती है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम इसे ‘स्पोर्ट्स हब’ के रूप में भी स्थापित करें। क्रिकेट हमारे देश की धड़कन है। कोटा प्रीमियर लीग जैसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए लांच पैड’ का काम करते हैं, जो उन्हें आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुँचाने का रास्ता दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि कोटा की धरती पर हो रहे राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन से कोटा के खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार होगा एवं कोटा में खिलाड़ियों को अच्छे मुकाबले देखने का अवसर प्राप्त होगा तथा आने वाले समय में खेल सुविधाएं बेहतरीन करने पर जोर दिया।
कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं प्रतियोगिता के आयोजन प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 में खेले कोटा डीसीए बनाम बाउंड्री ब्रेकर अजमेर के मध्य खेले गए मुकाबले में कोटा डीसीए के कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 183 रनों का बड़ा स्कोर बनाया जिसमें शानदार बल्लेबाजी करते हुए कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज सचिन काकोड़िया ने 22 गेंद पर एक चौके और चार छक्कों की सहायता से शानदार 44 रन बनाएं तथा हिमांशु नेहरा ने 24 रन का योगदान किया।
बाउंड्री ब्रेकर्स टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए सचिन चौधरी और मीरान खान ने दो-दो विकेट लिए तथा रजत गुजराती और कप्तान आकिब खान ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाउंड्री ब्रेकर टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 41 रनों के कुल योग पर पहला विकेट गिरने के बाद टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे तथा पूरी टीम 18.4 ओवर में 109 रनों पर सिमट गई।
टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए अजय राज सिंह ने 25 रन मीरान खान ने 23 रन बनाए। कोटा डीसीए टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा, हिमांशु नेहरा और निक्की चौहान ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए।
कोटा डीसीए टीम ने यह मुकाबला 74 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। कोटा डीसीए बनाम बाउंड्री ब्रेकर्स अजमेर टीम के मध्य खेले गए मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले कोटा टीम के कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाडा को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा, भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम कोटा दक्षिण विवेक राजवंशी, गुडविल कंस्ट्रक्शन के एमडी पंकज सेठी, भाजपा कोटा देहात जिला महामंत्री विशाल शर्मा, भाजपा नेता बद्री गोचर, जिला क्रिकेट संघ के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश आनंद नीटू, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन, शैलेंद्र ऋषि, जितेंद्र चौधरी, संयुक्त सचिव अजय नंदवाना, अशोक कुमार मीणा तथा कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र सिंह सिसोदिया एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा दर्शक मौजूद रहे।

