कोटा दशहरा 2025: अभिलिप्सा पांडा की भजन संध्या आज, गूंजेगा हर-हर शंभू

0
10

कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 में गुरुवार को विजयश्री रंगमंच पर रात्रि 8 बजे से भजन संध्या आयोजित की जाएगी। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि भजन संध्या में उड़ीसा की युवा गायिका अभिलिप्सा पांडा भजनों की प्रस्तुतियां देंगी।

24 वर्षीय पांडा उड़ीसा में देवगढ़ जिले के तेंताबहल गांव की रहने वाली हैं। इनका सबसे फेमस गीत “हर हर शंभू.. शिव महादेव” है। अभीलिप्सा पांडा ने एक धार्मिक म्यूजिक एल्बम मंजिल केदारनाथ से अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत की। उन्होंने कई अन्य गीत भी गाए हैं। इनका “हर हर शंभू महादेव शिव शंभू..” नाम का भजन काफी लोकप्रिय हुआ है।

अभिलिप्सा पांडा का तेलुगु भाषा में एल्बम भी काफी फेमस है। उनके गाए भजन मंजिल केदारनाथ../ हर हर महादेव शिव शंभू…/ शिव रुद्राष्टकम.. काफी पसंद किए गए हैं। इन्होंने उड़ीसा की मातृभाषा के अलावा हिंदी और तेलुगु भाषा में भी गाने गए हैं। वायरल सोंग हर हर शंभू.. की सफलता के बाद इसके कई वर्जन बन चुके हैं।

उनके दादाजी हारमोनियम बजाते थे। उन्होंने अपने दादाजी से ही संगीत सीखना शुरू किया था। अभिलिप्सा पांडा एक प्रसिद्ध सिंगर होने के साथ-साथ मार्शल आर्टिस्ट और डांसर भी हैं। यह मार्शल आर्ट में स्टेट लेवल की खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। अभीलिप्सा पांडा अपनी पढ़ाई के बाद गायन का भी लगातार अभ्यास करती हैं।

राजवंशी ने बताया कि भजन संध्या से पूर्व विजयश्री रंगमंच पर शाम 7 बजे साफा प्रतियोगिता आयोजित होगी।

मेहंदी, मांडना, रंगोली प्रतियोगिताएं आज, बेस्ट ब्राइडल 13 को
राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 के अन्तर्गत गुरुवार को महिलाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि दोपहर 12 बजे रंगोली, मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिता नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित होगी। विवेक राजवंशी ने बताया कि 13 अक्टूबर को बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता पहले शुक्रवार को आयोजित होने वाली थी। इसकी तारीखों में बदलाव किया गया है।