कोटा दशहरा मेले में लाफ्टर शो में देर रात तक गूंजते रहे हंसी के ठहाके

0
17

राजीव ठाकुर, अशोक मिश्रा, राजा रेंचो और हीरेन त्रिवेदी ने हंसा- हंसा कर दिया लोटपोट

कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 के अंतर्गत शनिवार को लाफ्टर शो कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्रख्यात कॉमेडियन और एक्टर राजीव ठाकुर, स्टैंड अप कॉमेडियन अशोक मिश्रा, मिमिक्री स्टार हिरेन त्रिवेदी और राजा रेंचो की जोड़ी ने कॉमेडी का तड़का लगाते हुए हंसा हंसाकर लोटपोट कर दिया।

शुरुआत उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर, पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र नंदवाना अल्कु, खेल महोत्सव समिति संयोजक विशाल शर्मा, उपभोक्ता भण्डार के डायरेक्टर महीप सिंह सोलंकी, भाजपा शहर जिला महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी, मेला अधिकारी अशोक त्यागी, अतिरिक्त महिला अधिकारी महेश चंद्र गोयल, मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर, राकेश व्यास, महावीर चौहान, समिति सदस्य विजयलक्ष्मी प्रजापति, योगेंद्र शर्मा, सोनू धाकड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।

मंच पर परफॉर्म करने के लिए सबसे पहले हीरेन त्रिवेदी अपने साथी मंकी के साथ आए। उन्होंने दर्शक दीर्घा में से एक युवक सावन कुमार को मंच पर बुलाया और उसकी शादी को लेकर जबरदस्त कॉमेडी की। हीरेन और मंकी के बीच की नोंक झोंक ने भी खूब हंसाया।

इसके बाद स्टैंड अप कॉमेडियन अशोक मिश्रा मंच पर आए विभिन्न गानों पर तुकबंदी करते हुए लोगों को फेसबुक और मोबाइल के चक्कर में ना पड़ने की सलाह देते हुए “फेसबुकियो से ना अखियां मिलाना, फेसबुक वालों का ना कोई ठिकाना… गाया। उन्होंने गंजे लोगों पर कॉमेडी करते हुए “मर्दों की मांग में सिंदूर भरे जाते तो दुनिया के कईं टकले कुंवारे रह जाते..” बोला तो ठहाके गूंज उठे।

राजा रेंचो की जोड़ी ने लोगों को खूब गुदगुदाया। राजा और उनके पपेट बंदर के हास्य व्यंग्य और एक दूसरे पर की जाने वाली टीका टिप्पणी को सुन कर दर्शक लोटपोट हो गए। राजा और रैंचो की जोड़ी ने हास्य से हतप्रभ कर दिया। रेंचो के दशहरा मेला घूमने के वर्णन ने खूब हास्य पैदा किया।

स्टेंड-अप कॉमेडियन मशहूर हास्य कलाकार राजीव ठाकुर ने अपनी चुटीली अदाओं और मजेदार किस्सों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। राजीव ठाकुर ने अपनी चिर-परिचित शैली में दर्शकों से सीधा संवाद स्थापित किया। इसके बाद पूरा रंगमंच हंसी के ठहाकों से गूंज उठा।

उन्होंने सामाजिक विडंबनाओं, शहरी जीवन की आपाधापी और पीढ़ियों के अंतर को हास्य रंग में ढालकर पेश किया। खास बात यह रही कि उनके क्राउड वर्क से दर्शकों की भागीदारी बढ़ी और उनके मजेदार जवाबों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। राजीव ठाकुर का अनोखा अंदाज और सटीक पंचलाइन लोगों को देर तक हंसने पर मजबूर करती रही।