कोटा दशहरा मेले में लाफ्टर शो आज, टीवी व फिल्म कलाकार छोड़ेंगे हंसी की फुहारें

0
32

प्रख्यात कॉमेडियन राजीव ठाकुर, अशोक मिश्रा, राजा रेंचो और हीरेन त्रिवेदी देंगे प्रस्तुतियां

कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 के अंतर्गत शनिवार को लाफ्टर शो कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रख्यात कॉमेडियन और एक्टर राजीव ठाकुर, स्टैंड अप कॉमेडियन अशोक मिश्रा, मिमिक्री स्टार हिरेन त्रिवेदी और राजा रेंचो की जोड़ी कॉमेडी का तड़का लगाते हुए नजर आएगी।

मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि शनिवार रात 8:30 बजे विजयश्री रंगमंच पर लाफ्टर शो कार्यक्रम आयोजित होगा। राजीव ठाकुर द ग्रेट इंडियन कपिल शो, द कंधार हाईजैक, कॉमेडी सर्कस, सजन रे झूठ मत बोलो, गोलमाल है भाई सब गोलमाल है, कपिल शर्मा शो, झलक दिखला जा जैसे विभिन्न टीवी सीरियल्स में काम कर चुके हैं। इसके अलावा वे भावनाओं को समझो, सेकंड हैंड हसबैंड, तूतक तूतक तूतिया जैसी फिल्मों में भी भूमिका निभा चुके हैं।

राजा रेंचो की जोड़ी भी लाफ्टर की दुनिया में काफी पसंद की जाती है। राजा रेंचो के नाम से प्रसिद्ध राजकुमार जावेकर ने इंडिया लॉफ्टर से कैरियर की शुरुआत की थी। उनकी आर्टिफिशियल बंदर रैंचो के साथ जोड़ी कॉमेडी करते हुए टीका टिप्पणी को काफी पसंद किया जाता है। वे कई देशों में शो कर चुके हैं। स्टैंड अप कॉमेडियन अशोक मिश्रा भी 30 देशों में अपने प्रस्तुतियां दे चुके हैं। साथ ही, हीरेने त्रिवेदी अपनी मिमिक्री के द्वारा हास्य व्यंग्य की फुहार छोड़ेंगे और लोगों को हंसा हंसा कर लोटपोट कर देंगे।

मेले में आज से तीन दिन लेजर शो
कोटा दशहरा मेले में तीन दिन तक लाइट, साउंड और लेजर का अद्भुद शो देखने को मिलेगा। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि 11 से 13 अक्टूबर तक प्रतिदिन विजयश्री रंगमंच पर शाम 7 बजे लेजर, साउंड एंड लाइट शो का आयोजन किया जाएगा।

राजवंशी ने बताया कि शो के दौरान लेजर एनिमेशन के माध्यम से राम रावण के अलावा भारत पाकिस्तान युद्व के दृश्य को जीवन्त किया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर आयोजित शो में भारत की सेना के शौर्य, वीरता और गौरव को प्रकट किया जाएगा।

वहीं रामायण से जुड़े प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। राम की महिमा का विशेष ध्वनि और लाइट के द्वारा संगीतमयी दर्शन होगा। संगीत की मधुर ध्वनियों और लेजर के मनोहारी दृश्य के साथ रामायण की अलौकिक अनुभूति होगी।