कोटा जिले के किसानों को जल्द मिलेगा 104 करोड़ का फसल बीमा क्लेम

0
16

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल को दिया भरोसा

​कोटा। भारतीय किसान संघ, जिला कोटा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

मुलाकात के दौरान मंत्री ने कोटा जिले के किसानों के लिए 104 करोड़ रुपये के फसल बीमा क्लेम को मंजूरी मिलने की बड़ी घोषणा की। प्रतिनिधि मण्डल में संभागीय अध्यक्ष गिरिराज चौधरी, जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ‘कलमंडा’, जिला मंत्री रूपनारायण यादव समेत भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी शामिल रहे।

प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने बताया कि ​प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान कृषि मंत्री डॉ. मीणा ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि ​कोटा जिले के लिए फसल बीमा का 104 करोड़ रुपए का क्लेम पास हो चुका है, जो आगामी कुछ ही दिनों में सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित (डीबीटी) कर दिया जाएगा।

मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने बताया कि ​खरीफ 2025 में अतिवृष्टि के कारण हुए फसल खराबे का पूरा मुआवजा (आदान अनुदान) भी जल्द ही स्वीकृत कर वितरित कराया जाएगा। मंडी में हो रही अनियमितताओं पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

​प्रतिनिधिमंडल ने उठाईं 9 सूत्रीय मांगें
​भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा ‘कलमंडा’ और जिला मंत्री रूपनारायण यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विभिन्न विषय उठाए। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संभागीय अध्यक्ष गिरिराज चौधरी और आशीष मेहता ने बताया कि किसान लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते इन मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं होती है, तो भारतीय किसान संघ पूरे जिले में उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।