कोटा की तलवंडी कॉलोनी में पंहुचा कोरोना, 16 नए पॉजिटिव में से 11 छावनी के

0
776

कोटा। शुक्रवार को शहर में कोरोना संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा संक्रमित छावनी क्षेत्र में मिले। यहां 11 लोग संक्रमित मिले। वहीं कोटरी में 3, तलवंडी और शिवपुरा में 1-1 पॉजिटिव मिला। जिसके बाद शहर में कुल संक्रमितो का आंकड़ा 439 पहुंच गया। आज संक्रमित मिले लोगों में 12 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं।

छावनी में दिनोंदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मोहल्ले में पड़ताल करने में जुटी चिकित्सा विभाग की टीमों ने पाया कि तंग गलियों वाले इस इलाके में संक्रमण फैलने की एकमात्र और सबसे बड़ी वजह पास ही स्थित बड़ी सब्जीमंडी है, जहां से लोग लॉकडाउन के दौरान भी सब्जियां खरीदने जाते रहे हैं। बड़ी सब्जी मंडी में संक्रमण के पूर्व में भी कई केस सामने आ चुके हैं। वहीं, एक और बात यह सामने आई कि लॉकडाउन के दौरान और बाद में भी मोहल्ले में शाम के समय लोग मिलते जुलते रहे। इस वजह से इंफेक्शन फैलता गया और हालात बिगड़ते चले गए।

छावनी में दो बच्चे भी मिले पॉजिटिव
छावनी मेन रोड की 16 साल की किशोरी भी संक्रमित मिली है। इसकी मां पहले पॉजिटिव आ चुकी। इसी मोहल्ले की 10 साल की बच्ची भी पॉजिटिव मिली है। इनके चाचा पॉजिटिव आ चुके। मोहल्ले की 27 साल की महिला भी पॉजिटिव आई है, इनके पड़ोस में संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। छावनी का ही 32 साल का युवक पॉजिटिव आया है, जिसके पड़ोस का राशन डीलर पॉजिटिव आ चुका।

आटा चक्की दुकानदार संक्रमित
23 साल का युवक पॉजिटिव आया है, जो मूल रूप से सांगोद का है और छावनी में किराए पर रहता है। एक दिन पहले तबीयत बिगड़ी तो नए अस्पताल में एडमिट हुआ और गुरुवार काे रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संजय नगर का 60 वर्षीय वृद्ध पॉजिटिव मिला, उसकी आटा चक्की है। लॉकडाउन के दौरान उसने कई बार शेविंग कराई थी।