प्रज्ञालोक में 251 पौधों का वितरण, रक्षाबंधन पर पौधों को बांधा जाएगा रक्षासूत्र
कोटा। जैनाचार्य प्रज्ञासागर जी मुनिराज के 37वें चातुर्मास के अवसर पर महावीर नगर प्रथम स्थित प्रज्ञालोक में हरियाली अमावस्या के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर एवं कोटा उत्तर विधायक संदीप शर्मा ने उपस्थिति दर्ज कर श्रावकों को पौधे भेंट किए।
चेयरमैन यतिश जैन खेडावाला ने बताया कि यह 251 पौधे वितरण कार्यक्रम उनकी माताश्री की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आचार्य श्री प्रज्ञासागर के आज्ञानुसार किया गया। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष लोकेश जैन सीसवाली ने किया।
स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का आह्वान करते हुए कहा कि “हमारे घरों में छोटी-छोटी चीजें भी विदेशी होती हैं। ऐसे में यह सही मायनों में देशभक्ति नहीं है। यदि हम स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं तो देश आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से अग्रसर हो सकता है।” उन्होंने पॉलीथीन का प्रयोग नहीं करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने की भी अपील की।
प्रज्ञासागर जी मुनिराज एक करोड़ पौधारोपण का संकल्प
महामंत्री नवीन दौराया ने जानकारी दी कि गुरुदेव आचार्य प्रज्ञासागर जी मुनिराज ने एक करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में हरियाली अमावस्या पर 251 पौधों का वितरण किया गया। 10 अगस्त को महिलाएं एवं पुरूष पौधों को रक्षासूत्र बांधकर यह संकल्प लेंगे कि वे मन, वचन और काया से किसी भी पौधे की हानि का कारण नहीं बनेंगी। यदि दुर्भाग्यवश कोई पौधा नष्ट होता है, तो उसके बदले 10 नए पौधे लगाने का संकल्प लिया जाएगा।

