कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की दिल्ली में आयोजित प्रदेश के सभांगो के पदाधिकारियों की बैठक के दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणविजय सिंह एवं कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से पर्यटन मंत्रालय में बैठक की।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया एवं मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने बताया कि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष राज्य के पर्यटन एवं होटल उद्योगों में आ रही परेशानियों एवं विकास पर चिंतन किया।

करीब 2 घंटे तक चली बैठक में जयपुर ग्रामीण के सांसद राव राजेंद्र सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजेश गोयल भी मौजूद थे। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने पर्यटन मंत्री को बताया कि जीएसटी संरचना में सुधार होना चाहिए। होटल के कमरों पर टैक्स छूट सीमा को बढ़ाया जाना चाहिए। होटल रिसोर्ट निर्माण में बिल्डिंग बनाने पर जीएसटी में इनपुट मिलना चाहिए। इको सेंसेटिव जोन में पर्यटक उद्योग के लिए व्यावहारिक नियम बनाये जाने चाहिए एवं पर्यटन को इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में शामिल करना चाहिए।
होटल फेडरेशन आफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा ने पर्यटन मंत्री को बताया कि राज्य सरकार की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी द्वारा राज्य के अछुते पयर्टन स्थल संभागों में पर्यटन विकास की मुहिम मे सहयोग देने के लिए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
उसी के चलते राज्य सरकार होटल फेडरेशन द्वारा मिलकर जिन संभागों में पर्यटन की विपुल संभावनाएं हैं। वहां पर पर्यटन महोत्सव, ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजन करके उन संभागों में देसी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर उस क्षेत्र के पर्यटन स्थलों के प्रचार प्रसार करने के लिए ट्रेवल मार्ट आयोजित किये जा रहे हैं। उसी के चलते पर्यटन स्थलों से भरपूर हाड़ौती क्षेत्र में भी कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का आयोजन किया जा रहा है।
केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ऐसे सभी आयोजनों में अपना सहयोग प्रदान करता है। उसी के चलते हम हाड़ौती कोटा ट्रैवल मार्ट के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा आर्थिक सहयोग के साथ-साथ केंद्रीय पर्यटन की वेबसाइट पर हाड़ौती का नाम दर्ज करवाने एवं पर्यटन मंत्रालय द्वारा देश के पर्यटन विकास के लिए बनाए जाने वाली फिल्मो मे हाड़ौती के पयर्टन स्थलो का प्रचार प्रसार जिन्हें विश्व स्तर पर प्रसारित किया जाता है। उसमें हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी एवं विवरण भी दिया जाए।
साथ ही पूरे देश में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट में केंद्रीय पर्यटन विभाग के पांडाल में राजस्थान के पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन, हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन भी शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही एक हाड़ौती की स्टाल भी रिजर्व की जानी चाहिए। उन्होने बताया कि होटल में 2 वर्ष पहले ₹1000 तक के कमरे किराये पर जीएसटी फ्री था, लेकिन अब उस पर जीएसटी लगा दिया गया है। उसे पुनः मुक्त किया जाना चाहिए। साथ ही आने वाली जीएसटी कानून संशोधन में दो स्लेब रखे जा रहे हैं। अतः होटल उद्योग को 5% वाले सिलेबस में ही रखा जाए। वर्ष में कुल 20 लाख तक की बिक्री पर कोई जीएसटी नहीं है, उसे बढ़ाकर 40 लाख किया जाना चाहिए।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार 10 लाख से कम आबादी वाले शहरों में पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत और विकसित करने की योजना लाई है। जिससे जिन शहरो मे पर्यटन की विपुल संभावनाएं है और उन क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ाने के लिए सरकार निवेश करने वालों को स्पेशल छुट का पैकेज दे रही है।
स्पेशल पैकेज में वहां की सभी सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा। राजस्थान के सभी संभागों में पर्यटन स्थलों की भरमार है। राजस्थान में हेरिटेज, पुरातत्व, इको आधुनिक जंगल, नदियां, पर्यटन स्थलों की भरमार है। यहां की लोक कला हस्तकला पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। वर्तमान में देश में तमिलनाडु मध्य प्रदेश महाराष्ट्र गुजरात उत्तराखंड के बाद राजस्थान में सबसे ज्यादा देसी विदेशी पर्यटक आते हैं। राजस्थान सरकार पर्यटन के क्षेत्र में हर संभाग को समृद्ध करने का कार्य कर रही है, जिससे आने वाले समय में पूरे देश में राजस्थान को पर्यटन के क्षेत्र में अव्वल दर्जे में लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हाड़ौती भी पर्यटन स्थलों से भरपूर है जो सभी राज्य के पर्यटन स्थलों के मध्य स्थित है होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान राज्य सरकार द्वारा जयपुर के बाहर हाड़ौती में पहली बार कोटा हाड़ौती ट्रेवल मार्ट का आयोजन किया जा रहा है। यह पर्यटन विकास के लिए एक अच्छी पहल है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय आप द्वारा दी गई सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर सहयोग प्रदान करेगा।
केंद्र सरकार देश में पर्यटन विकास के दृष्टिकोण से नई योजनाएं ला रही है जिनमें सभी को फायदा उठाना चाहिए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जीएसटी को लेकर एक बड़े फेरबदल के संकेत केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे हैं आप लोगों का पक्ष हम जीएसटी काउंसिल तक पहुंच कर आप द्वारा दिए गए सभी सुझाओं को शामिल करने का पूरा प्रयास किया जायेगा।

