कांग्रेस के पूर्व विधायक भरत सिंह का निधन, सांगोद में आज होगा अंतिम संस्कार

0
9

कोटा। राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री और सांगोद से पूर्व विधायक भरत सिंह कुंदनपुर का सोमवार देर रात निधन हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उनका अंतिम संस्कार कुंदनपुर में मंगलवार को किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि भरत सिंह कुंदनपुर ने जनसेवा को अपना जीवन समर्पित किया। वे सिद्धांतनिष्ठ, सरल और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। उनका निधन सांगोद और राजस्थान की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। बिरला ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

पूर्व मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर के निधन पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है। नागर ने कहा कि जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल में ईलाज के दौरान निधन होने का समाचार प्राप्त हुआ है। उनके यूं चले जाने से मन व्यथित है।

कुछ समय पूर्व ही कोटा अस्पताल में उनकी कुशलक्षेम जानी थी। उस समय उनके साथ किए संवाद के पल कानों में गूंज रहे हैं। उस समय उनके द्वारा दी गई जनसेवा एवं विकास की सीख सदैव अनुकरणीय रहेगी।