करणी सेना का महापड़ाव 29 को जयपुर में, पीले चावल बांटकर दिया आमंत्रण

0
8

कोटा। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना, कोटा द्वारा समाज में एकजुटता का संदेश देते हुए शहर में घर-घर जाकर “पीले चावल” वितरित कर महिलाओं को जयपुर में प्रस्तावित महापड़ाव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।

जिला अध्यक्ष नीरू चौहान एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि समय पर पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिलने के कारण सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जान गई। उन्होंने बताया कि करणी सेना देश के 24 राज्यों में सक्रिय है और न्याय की मांग को लेकर 29 मार्च को राजस्थान के प्रत्येक जिले से कार्यकर्ता जयपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

शहर अध्यक्ष हेमलता सिंह गहलोत ने कहा कि घटना को तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व आज भी गोगामेड़ी के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को धमकाने और रंगदारी मांगने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने एसआईटी जांच की मांग दोहराते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

प्रदेश उपाध्यक्ष मनजीत सिंह एवं जिला अध्यक्ष निर्भय सिंह ने कहा कि यदि 29 मार्च तक न्याय नहीं मिला तो जयपुर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं शहर अध्यक्ष संदीप सिंह बिट्टू ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि छोटे अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ मुख्य आरोपियों को भी जल्द पकड़कर निष्पक्ष जांच की जाए।

प्रदेश मीडिया प्रवक्ता दुष्यंत सिंह गहलोत ने बताया कि कोटा सहित जयपुर और पूरे राजस्थान में “पीले चावल” बांटकर समाज को संगठित किया जा रहा है। यह अभियान गोगामेड़ी हत्याकांड में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नीरू चौहान, शहर अध्यक्ष हेमलता सिंह गहलोत, शहर सचिव हेमलता हाड़ा, जिला महासचिव रेनू चौहान, मीनू कंवर, शहर मीडिया प्रभारी मनीषा कंवर सहित कई महिलाएं एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।