एंटीलिया केस: जेल में बंद मुंबई पुलिस का API सचिन वझे सेवा से बर्खास्त

0
319

मुंबई। एंटीलिया केस और मनसुख हिरेन की हत्या के मामले में गिरफ्तार और नवी मुंबई की तलोजा जेल में बंद असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर(API) सचिन बजे को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। ग्रेटर मुंबई के पुलिस कमिश्नर की ओर से मंगलवार को जारी एक आदेश में इसकी पुष्टि की गई।

सचिन वझे को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी(NIA) ने 13 मार्च को एंटीलिया केस में संदिग्ध भूमिका के आरोप में गिरफ्तार किया था। सचिन वझे को बर्खास्त करने के लिए गृह विभाग ने मुंबई पुलिस से सिफारिश की थी। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 285, 465, 473, 506(2), 120 B के तहत केस दर्ज किया गया है।

ATS सूत्रों के मुताबिक, अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक से भरी स्कॉर्पियो पार्क करने की साजिश सचिन वझे ने रची थी। उसकी इस साजिश का मुख्य गवाह मनसुख था। मनसुख ने वझे को इस पूरी साजिश में मदद भी की थी। इस मामले की जांच NIA को सौंप दी गई तो वझे ने राज खुलने के डर से एक और साजिश रची। उसने मनसुख की हत्या की साजिश रच दी। 4 मार्च की रात 8.30 बजे निलंबित सिपाही विनायक शिंदे के जरिए मनसुख को बुलाया गया।

5 मार्च को मुंब्रा के रेती बंदर स्थित खाड़ी (समुद्र) में मनसुख की लाश मिली थी। सूत्रों के मुताबिक, मनसुख का मुंह और हाथ बांधकर उसे जिंदा ही खाड़ी में फेंक दिया गया। ATS से पहले ही NIA को मनसुख की हत्या के अहम सबूत मिल गए थे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मनसुख मामले की जांच NIA को सौंपने के कुछ ही घंटों में ATS ने दो लोगों को गिरफ्तार कर मामले को सुलझा लेने का दावा किया था।

सूत्रों के मुताबिक, वझे ने अपनी साजिश में मनसुख को शामिल किया था। इसके सबूत ATS और NIA को मिले। यह भी साफ नहीं है कि मनसुख डर या फिर अपनी मर्जी से वझे के साथ मिला था। जांच में यह सामने आया है कि वझे के कहने पर ही मनसुख ने 18 फरवरी को विक्रोली पुलिस स्टेशन में अपनी स्कॉर्पियो चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। NIA की फॉरेंसिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो चोरी ही नहीं हुई थी।

एंटीलिया के बाहर से विस्फोटकों से भरी स्कॉर्पियो मिली थी
25 फरवरी को हरे रंग की स्कॉर्पियो उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर लावारिस खड़ी मिली थी। बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने उसमें से 20 जिलेटिन स्टिक्स बरामद की थीं। साथ में अंबानी के काफिले की कुछ गाड़ियों के नंबर प्लेट्स और एक चिट्टी भी मिली थी।

इस स्कॉर्पियो के मालिक मनसुख हिरेन का शव 5 मार्च को मुम्ब्रा की खाड़ी से बरामद हुआ था। इसके बाद महाराष्ट्र ATS ने इसमें हत्या का केस दर्ज किया था। वहीं, एंटीलिया केस में NIA की एंट्री हुई और उन्होंने सचिन वझे को अरेस्ट किया था।