कोटा/ बपावर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार देर शाम तक बपावर क्षेत्र के कोटडा, लबानिया, बरां, चरेल समेत विभिन्न गावों में घूमे। उन्होंने लोगों से जनसंवाद किया और ग्रामीणों की समस्याएं जानीं।
इस दौरान मंत्री श्री नागर ने परिवाद लेकर अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्घ निस्तारण के आदेश भी दिए। इस अवसर पर प्रधान जयवीर सिंह, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य लाल किशनचंद, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सोनी, युवा मोर्चा के जितेंद्र नागर मौजूद रहे।
जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने कोटडा और बरां के बीच रास्ते की पुलिया, ग्रेवल सड़क बनाने की मांग की। मंत्री श्री नागर ने कोटडा में कीचड़ से मुक्ति दिलाने के लिए इंटरलॉकिंग कार्य, शमशान के निर्माण कार्य कराने के लिए मौके पर ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात कर सर्वे कर एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने कोटडा खेल मैदान में पानी भरने की समस्या बताई। जिस पर मंत्री श्री नागर ने वीडीओ को बुलाकर मैदान में मिट्टी भराने और इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। गांव में हेड पंप पर अतिक्रमण होने की समस्या बताई। जिस पर मंत्री श्री नागर ने तीन दिन में सभी हेड पंपों को मुक्त कराकर चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नरेगा कार्य के द्वारा रास्तों का सुदृढ़ीकरण करने, चारागाह भूमि का सीमा ज्ञान 10 दिन में करने के लिए कहा।
मंत्री श्रीनागर ने देवनारायण मंदिर से कोटडा के बीच रोड और लबानिया से चरेल के बीच पुलिया, चरेल खाल पर सुरक्षा दीवार बनाने का आश्वासन दिया। वहीं डूब क्षेत्र में आ रहे मुक्तिधाम के लिए अलग जगह चिन्हित करने के भी बात कही। उन्होंने तहसीलदार को बुलाकर सभी परंपरागत आम रास्तों को शीघ्रता से रिकॉर्ड में दर्ज करने के आदेश दिए।
लबानिया में ग्रामीणों ने स्कूल भवन के दो भागों में होने की जानकारी दी। उन्होंने इस भवन को अतिरिक्त कक्षा कक्ष बनाकर एक ही जगह स्थापित करने की मांग की। वही शमशान के लिए जमीन आवंटन के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। मंत्री श्रीनागर को ग्रामीणों ने शमशान भूमि पर 33 केवी लाइन गुजरने की शिकायत की। जिस पर उन्होंने प्रस्ताव बनाने के लिए निर्देशित किया

