ईसर-गणगौर की सवारी 21 को, पारंपरिक परिधानों में सजेगी गणगौर महारानी

0
10

अभा अग्रवाल संगठन और श्री जीण माता परिवार के तत्वावधान में होगा आयोजन

​कोटा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन जिला कोटा एवं श्री जीण माता परिवार संस्थान, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में 21 मार्च को ईसर-गणगौर की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी।

संगठन के अध्यक्ष राजेश मित्तल ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत पूर्व कार्यक्रमों से हो चुकी है। महिलाएं श्रद्धापूर्वक जलेरी भरकर लाईं। जिसके बाद सनातन धर्म मंदिर में गणगौर जी की स्थापना की गई है।

महामंत्री रीना मित्तल के नेतृत्व में घर-घर जाकर ईसर-गणगौर को बिंदौरा दिया जा रहा है। जहां पारंपरिक गीतों और स्वल्पाहार के साथ उत्सव मनाया जा रहा है। सनातन धर्म राम मंदिर (दादाबाड़ी) पर महिलाओं के लिए विशेष मेहंदी और हल्दी का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

वहीं 21 मार्च को सामूहिक गणगौर उद्यापन होगा। इससे पूर्व, उद्यापन करने वाली महिलाओं द्वारा एसी वाले गणेश मंदिर पर लगभग 350 महिलाओं को सुहाग सामग्री और सप्रेम भोजन करवाया जाएगा।

जीण माता परिवार के जितेंद्र गोयल ने बताया कि शोभायात्रा दिनांक 21 मार्च को सायं 3:30 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर (शास्त्री नगर, दादाबाड़ी) से गाजे-बाजे के साथ शुरू होगी।

बग्घियों में ईसर-गणगौर और शिव-पार्वती के स्वरूप की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिन्हें विशेष रूप से बस्सी से मंगवाकर श्रृंगारित किया गया है। शोभायात्रा में कच्छी घोड़ी नृत्य, गैर नृत्य करती महिलाएं और बैंड-बाजे की स्वर लहरियां कार्यक्रम को भव्य बनाएंगी। शोभायात्रा में सर्वसमाज की महिलाएं शामिल होकर धर्म लाभ ले सकेंगी।

उन्होंने बताया कि ​शोभायात्रा में शामिल महिलाओं में से ‘गणगौर महारानी’, ‘गणगौर क्वीन’ और ‘बनी-ठनी गणगौर’ का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, पहली बार पारंपरिक राजस्थानी/भारतीय लिबास में शामिल होने वाले पुरुषों को भी चयन के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। शोभायात्रा में शामिल सभी गौरणियों को विशेष उपहार भेंट किए जाएंगे।